हार मानने से पहले आखिरी कोशिश जरूर करें:प्रेरक कथा- एक राजा को शत्रुओं ने गुफा में बंद कर दिया था, तब राजा को याद आई मां की सीख

कई बार सफलता पाने का रास्ता हमेशा सीधा और आसान नहीं होता है। जीवन में कई मोड़ ऐसे आते हैं, जब हम थक कर बैठ जाना चाहते हैं। हमें लगने लगता है कि अब कुछ नहीं हो सकता। लेकिन ठीक उसी समय, जब हम हार मानने की सोचते हैं, हम असफल हो जाते हैं। जबकि हमें हार मानने से पहले एक बार और प्रयास करना चाहिए, तब हमें सफलता जरूर मिलती है। ये बात एक लोक कथा से समझ सकते हैं… पुराने समय की बात है, एक राजा एक बड़े युद्ध में बुरी तरह हार गया था। उसके सभी सैनिक मारे जा चुके थे और वह खुद बड़ी मुश्किल से जान बचाकर जंगल की ओर भागा। लेकिन शत्रु सैनिक उसका पीछा करते हुए जंगल में भी पहुंच गए। जान बचाने के लिए वह एक गुफा में छिप गया। सैनिक गुफा तक पहुंचे और अंदर जाकर राजा को ढूंढा, लेकिन वे उसे नहीं ढूंढ सके। शत्रु सैनिकों ने बाहर से गुफा के द्वार को बड़े-बड़े पत्थरों से बंद कर दिया। अब राजा उस गहरी गुफा में अकेला था। भूख, प्यास और थकान से उसका शरीर जवाब देने लगा था। मन में निराशा घर करने लगी थी। उसे लगने लगा कि अब जीवन समाप्त है। लेकिन तभी उसे अपनी मां की कही एक बात याद आई: “कुछ तो कर, यूं ही मत मर।” मां की सीख याद आते ही राजा के भीतर नई ऊर्जा आ गई। उसने ठान लिया कि कोशिश किए बिना हार नहीं मानना चाहिए। पत्थरों को हटाने में उसने अपनी पूरी ताकत लगा दी। लंबे संघर्ष और मेहनत के बाद वह गुफा से बाहर निकलने में सफल हुआ। गुफा से निकलकर वह अपने मित्र राजा के पास पहुंच गया, मित्र राजा की सहायता से दुश्मनों पर विजय प्राप्त की और अपना खोया हुआ राज्य पुनः प्राप्त कर लिया। कहानी की सीख ये एक राजा की जीत की कहानी है, इसमें सफलता के 4 सूत्र बताए गए हैं… राजा उस गुफा में बैठकर अगर सोच लेता कि अब कुछ नहीं हो सकता, तो वह उसी गुफा में खत्म हो जाता। लेकिन उसने सफल होने तक प्रयास किया और यही उसकी जीत की शुरुआत बनी। जीवन में भी कई बार हम मुश्किलों के सामने निराश हो जाते हैं, लेकिन अगर हम एक और प्रयास कर लें तो परिणाम बदल सकता है। शारीरिक रूप से राजा कमजोर था, परंतु जब उसे मां की बात याद आई, तब सकारात्मक ऊर्जा ने उसे फिर से खड़ा कर दिया। यह बताता है कि संकट के समय हमारी सोच और आत्म-प्रेरणा ही सबसे बड़ा सहारा होती है। प्रयास करते रहना जरूरी है, यह एक व्यावहारिक रणनीति है। निरंतर प्रयास करने से व्यक्ति समाधान तक पहुंच सकता है। राजा ने गुफा से बाहर निकलकर सने अपने मित्र राजा से मदद ली और सही व्यक्ति की मदद से उसने शत्रुओं को पराजित कर दिया। यह दर्शाता है कि सही मदद किसी भी मुश्किल समय में आपको नई राह दिखा सकती है।