अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को नीदरलैंड के हेग में नाटो समिट में मीडिया से बात की। इसमें उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने अपना न्यूक्लियर प्रोग्राम फिर से शुरू किया तो फिर हमला करेंगे। ट्रम्प ने कहा कि 22 जून को अमेरिकी हमले के बाद इजराइली एजेंट्स ईरान के फोर्डो न्यूक्लियर साइट गए थे। उन्होंने ही बताया कि फोर्डो न्यूक्लियर साइट पूरी तरह तबाह हो गई है। हालांकि, अमेरिकी मीडिया हाउस CNN और न्यूयॉर्क टाइम्स ने दावा किया है कि अमेरिकी हमलों से ईरान के परमाणु ठिकानों पर उसके न्यूक्लियर प्रोग्राम को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है। यह दावा एक अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट के आधार पर किया गया है। इसमें कहा गया है कि अमेरिकी हमलों से ईरान का न्यूक्लियर प्रोग्राम कुछ महीनों से पिछड़ गया है। यह पूरी तरह से तबाह नहीं हुआ है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर मीडिया रिपोर्ट्स को फर्जी करार दिया। उन्होंने लिखा, ‘CNN और न्यूयॉर्क टाइम्स ने इतिहास के सबसे सफल सैन्य हमलों में से एक को बदनाम करने की कोशिश की है।’ इजराइल ईरान में 12 दिन के बाद सीजफायर इजराइल-ईरान के बीच जंग के 12वें दिन, यानी मंगलवार को सीजफायर हो गया। दोनों देशों ने इसकी पुष्टि की है और साथ ही इस जंग में अपनी जीत का दावा किया। इजराइली PM बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरान के खिलाफ इजराइल ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है, जो पीढ़ियों तक याद रखी जाएगी। उन्होंने कहा- हम शेर की तरह उठे और हमारी दहाड़ ने तेहरान को हिला दिया। दूसरी तरफ ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि उनका देश न्यूक्लियर प्रोग्राम बंद नहीं करेगा। उन्होंने कहा- ‘हमने इस तकनीक को हासिल करने के लिए बहुत मेहनत की है। हमारे वैज्ञानिकों ने बलिदान दिए हैं।’ ईरान की राजधानी तेहरान में कल विक्ट्री सेलिब्रेशन प्रोग्राम भी आयोजित किया गया। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ने सबसे पहले मंगलवार तड़के 3:30 बजे सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दोनों देशों में सीजफायर की जानकारी दी थी। ईरान में सेलिब्रेशन की 5 तस्वीरें… इजराइल-ईरान संघर्ष से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…