जम्मू के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद इलाके को घेर लिया गया था। यहां 4 आतंकियों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों पर भारी फायरिंग शुरू हुई, जिसके बाद सेना ने जवाबी कार्रवाई की। इलाके को पूरी तरह घेराबंदी में ले लिया गया है और अतिरिक्त सुरक्षाबल मौके पर भेजे गए हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन के 2 कार्यकर्ता गिरफ्तार, पिस्टल और गोला-बारूद भी बरामद मणिपुर में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों शख्स कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ता हैं। इनके पास से एक 9 एमएम पिस्टल और गोला-बारूद बरामद किया गया। मणिपुर में दो साल पहले जातीय हिंसा भड़कने के बाद से ये अभियान चलाए जा रहे हैं। मई 2023 से मैतेई और कुकी समूहों के बीच जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद केंद्र ने 13 फरवरी को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था। पौधारोपण पर असम और मेघालय में सीमा विवाद, 400 लोगों ने पौधे उखाड़े, तोड़फोड़ और आगजनी की असम-मेघालय के बीच सीमा विवाद फिर से उभर आया है। लापांगाप में असम के पौधारोपण अभियान का ग्रामीणों ने विरोध किया। 400 लोगों ने पौधे उखाड़े और आगजनी की। घटना मेघालय के वेस्ट जयंतिया हिल्स और असम के कार्बी आंगलोंग के बीच हुई। कार्बी आंगलोंग ऑटोनॉमस काउंसिल ने पौधारोपण किया था। खासी स्टूडेंट्स यूनियन ने असम पर समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया। बेल के बाद भी जेल में रखने पर 5 लाख रुपए मुआवजा सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बेल के बावजूद आरोपी को जेल में रखना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत दी गई व्यक्तिगत स्वतंत्रता का उल्लंघन है। कोर्ट ने एक आरोपी को जमानत के दो महीने बाद तक जेल में रखने पर यूपी सरकार पर नाराजगी जाहिर की। साथ ही, आरोपी को 5 लाख रु. मुआवजा देने को कहा है।