आपका पैसा- 40 की उम्र तक बनाएं एक करोड़ का:उम्र 22 साल, सैलरी 20 हजार, जानिए कहां, कितना और कैसे करें इन्वेस्ट

जब भी हमारी पहली नौकरी लगती है, हमारे पास कोई खर्च नहीं होता है और न ही जिम्मेदारियां होती हैं। इस दौरान हम अपनी कमाई घूमने-टहलने, फिल्में देखने, शौक पूरे करने में खर्च करते हैं। हालांकि इस दौरान अगर कमाई का एक बड़ा हिस्सा समझदारी से निवेश किया जाए तो हम रिटायरमेंट से कई साल पहले ही एक करोड़ रुपए का फंड तैयार कर सकते हैं। हममें से कई सारे लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि क्या वाकई कम सैलरी होने के बावजूद ऐसा हो सकता है? चलिए इसे हम एक उदाहरण के जरिए समझते हैं। मान लीजिए आप अपने पेरेंट्स के साथ रहते हैं और आपकी उम्र 22 साल है। इस समय आप जिस नौकरी में हैं, उसमें आपकी सैलरी 20 हजार रुपए प्रतिमाह है। ऐसे में आप 40 साल की उम्र तक एक करोड़ रुपए का फंड तैयार कर सकते हैं? यह कैसे संभव है, आज हम आपका पैसा में इसी बारे में बात करेंगे और जानेंगे कि- सवाल- क्या 22 साल की उम्र में 20 हजार की सैलरी से काम शुरू कर 40 की उम्र तक 1 करोड़ की रकम जोड़ी जा सकती है? जवाब- हां, कम सैलरी के बावजूद भी करोड़पति बनने की पूरी संभावना है, बशर्ते आप सही समय पर निवेश की योजना बनाएं और एक नियमित टारगेट के साथ अनुशासित तरीके से काम करें। यदि कमाई शुरू होते ही सेविंग और निवेश की आदत डाल ली जाए, बजट और खर्च पर नियंत्रण रखा जाए और SIP जैसे योजनाओं में थोड़ा-थोड़ा करके निवेश किया जाए, तो करियर के शुरुआत में कम कमाई के बावजूद भी बड़ा फाइनेंशियल गोल हासिल किया जा सकता है। सवाल- एक करोड़ की रकम जोड़ने के लिए हर महीने कितनी सेविंग करनी होगी? जवाब- यह सवाल इस बात पर निर्भर करता है कि आप एक करोड़ का फंड कितने समय में चाहते हैं। आप इन्वेस्टमेंट कहां करते हैं और इस दौरान आपको रिटर्न कितना मिलता है। यदि आप 22 साल की उम्र से निवेश शुरू करते हैं और लगभग 12% वार्षिक रिटर्न वाला म्यूचुअल फंड चुनते हैं, तो करीब 14,000 रुपए प्रति माह की SIP से भी आप 18 वर्षों में 1 करोड़ रुपए का फंड तैयार कर सकते हैं। सवाल- यह लक्ष्य 40 उम्र से पहले हासिल करने के लिए क्या करें? जवाब- जब हम नौकरी कर रहे होते हैं या कोई बिजनेस कर रहे होते हैं, तो नौकरी में समय के साथ सैलरी बढ़ती है, वहीं बिजनेस में भी ग्रोथ मानकर चलते हैं। ऐसे में समय के साथ आपकी कमाई बढ़ेगी। ऐसे में जैसे-जैसे आपकी कमाई बढ़े, निवेश की रकम भी बढ़ाते रहें। ऐसे में आप 40 की उम्र से पहले यह लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। यदि आप हर साल अपनी SIP की राशि में 10% की वृद्धि करते हैं, तो यह लक्ष्य और भी जल्दी पूरा हो सकता है। ध्यान दें कि समय जितना लंबा होगा, कंपाउंडिंग उतनी ही मजबूत काम करेगी। यही कारण है कि निवेश की शुरुआत जितनी जल्दी हो, उतना बेहतर। सवाल- अगर सैलरी 20,000 रुपए है, तो निवेश की शुरुआत कैसे करें? जवाब- अगर आपके ऊपर परिवार और घर की जिम्मेदारियां नहीं हैं तो आप पॉकेट मनी का खर्च निकालकर बड़ी SIP कर सकते हैं। साथ ही सैलरी कम होने पर सबसे जरूरी चीज है कि खर्चों पर कंट्रोल किया जाए और एक फिक्स सेविंग प्लान बनाया जाए। आप सबसे पहले 20% रकम (यानी 4,000 रुपए) सेविंग के लिए अलग रखें। इसमें से 3,000 रुपए SIP में लगाएं और 1,000 रुपए इमरजेंसी के लिए रखें। धीरे-धीरे जब सैलरी बढ़े, तो SIP को भी बढ़ाएं। जरूरी नहीं है कि शुरुआत में बड़ी रकम लगाई जाए। छोटी शुरुआत भी लंबे समय में बड़ा फंड बना सकती है। ऑनलाइन म्यूचुअल फंड प्लेटफॉर्म या म्यूचुअल फंड कंपनियों की वेबसाइट से SIP करना आसान है। साथ ही निवेश की राशि को किसी भी दिन बंद किया जा सकता है या बढ़ाया जा सकता है। सवाल- निवेश करते समय सबसे आम गलतियां कौन-सी होती हैं जिन्हें टालना चाहिए? जवाब- इन्वेस्टमेंट करते समय हममें से कई सारे लोग कई सारी गलतियां करते हैं। इसकी वजह यह होती है कि हमें इन्वेस्टमेंट और बाजार की समझ नहीं होती है। ऐसे में कई बार दूसरों की देखा-देखी हम भी निवेश करने लगते हैं। जबकि ऐसा करने से बचना चाहिए और इन गलतियों से बचकर ही आप अपने फाइनेंशियल टारगेट तक जल्दी और सुरक्षित तरीके से पहुंच सकते हैं। आइए इन गलतियों को ग्राफिक के जरिए समझते हैं। सवाल- SIP में कितना रिटर्न मिल सकता है और 18 साल में कितना बड़ा फंड तैयार हो सकता है? जवाब- SIP में अगर आप एक बेहतर परफॉर्मिंग इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश करते हैं, तो औसतन 12% से 15% वार्षिक रिटर्न संभव है। यदि आप 14,000 रुपए की मासिक SIP करते हैं और 12% सालाना रिटर्न मिलता है, तो 18 साल बाद आपका फड एक करोड़ से अधिक का हो सकता है। हालांकि, करियर के शुरुआती दिनों में सभी के लिए 14000 रुपए की सेविंग करना मुश्किल होता है। ऐसे में आप शुरुआती दिनों में 10 से 12 हजार रुपए मासिक की SIP कर सकते हैं। साथ ही साथ इसे हर सैलरी या कमाई बढ़ने साथ बढ़ा सकते हैं। इस तरीके से भी आप एक करोड़ फंड तैयार कर सकते हैं। हालांकि, बाजार के उतार-चढ़ाव पर नजर रखते हुए एक करोड़ का फंड पहले भी तैयार हो सकता है या कुछ देर लग सकती है। इसे आप अपने SIP कैल्कुलेटर के जरिए रेगुलर चेक कर सकते हैं। SIP की खास बात यह है कि इसमें बाजार के उतार-चढ़ाव का असर लंबे समय में संतुलित हो जाता है, और नियमित निवेश से कंपाउंडिंग का फायदा बढ़ता है। सवाल- क्या निवेश के साथ इमरजेंसी फंड और बीमा की प्लानिंग भी करनी चाहिए? जवाब- बिल्कुल, निवेश के साथ-साथ आपको इमरजेंसी फंड और बीमा भी रखना जरूरी है। इससे मुसीबत या किसी परेशानी के समय में इस्तेमाल कर सकते हैं और आपको म्यच्यूअल फंड या SIP तोड़ने की जरूरत नहीं पड़ती है। आइए इसे ग्राफिक के जरिए समझते हैं। सवाल- क्या गोल्ड में निवेश भी करोड़पति बनने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है? जवाब- हां, गोल्ड एक पारंपरिक लेकिन मजबूत निवेश विकल्प है जो लंबे समय में अच्छा रिटर्न देता है, खासकर महंगाई के दौर में। गोल्ड में निवेश कई तरीकों से किया जा सकता है। गोल्ड में निवेश आपके पोर्टफोलियो को डाइवर्सिफाई करता है और बाजार में गिरावट के समय इसे संतुलन देने का काम करता है। साथ ही पिछले कुछ सालों में गोल्ड ने कई गुना रिटर्न दिया है। पिछले 10 सालों में सोने ने अच्छा रिटर्न दिया है, लेकिन इसमें उतार-चढ़ाव भी रहा है। भारत में, 10 ग्राम सोने की कीमत 2013 में करीब 29,600 रुपए से बढ़कर 2023 में लगभग 65,330 हो गई थी। वहीं, आज (जुलाई 2025 में) 10 ग्राम सोने की कीमत एक लाख रुपए के करीब हो गई है। …… पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें आपका पैसा- FD कराना क्यों है घाटे का सौदा: पूरी सेविंग नहीं, सिर्फ थोड़ा रखें FD में, सुरक्षित निवेश व बेहतर रिटर्न के अन्य विकल्प भारत में ज्यादातर लोग FD को सबसे आसान और सुरक्षित ऑप्शन मानते हैं। लेकिन क्या FD वाकई आपके पैसे के लिए सबसे अच्छा ऑप्शन है? कई बार FD कराना घाटे का सौदा हो सकता है, खासकर अगर आप ज्यादा रिटर्न चाहते हैं। पूरी खबर पढ़ें