हिमाचल प्रदेश में 20 जून से 6 जुलाई तक बादल फटने की 19 घटनाएं हुईं। 23 बार बाढ़ और 19 बार लैंडस्लाइड हुआ। राज्य में बारिश, बाढ़, लैंडस्लाइड और इससे हुए सड़क हादसों में अब तक 82 लोगों की जान जा चुकी है। राज्य में 269 सड़कें बंद हैं। मध्य प्रदेश में स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने के कारण मानसून जमकर बरस रहा है। शहडोल में बीते 24 घंटे में 4 इंच बारिश हुई। आधी रात में 3 हजार से ज्यादा घरों में पानी भर गया। इससे काफी नुकसान हुआ है। गुजरात के कई जिलों में रविवार को तेज बारिश हुई। अहमदाबाद, सूरत, नवसारी की हालत सबसे ज्यादा खराब है। नवसारी में पूर्णा नदी उफान पर है। इसका पानी निचले इलाकों में भर गया है। मकान 3-4 फीट तक पानी में डूब गए।अहमदाबाद, बनासकांठा में भी तेज बारिश हुई। इसके कारण सड़कों पर पानी भर गया। राजस्थान में मानसून आज से फिर तेजी पकड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन पश्चिम बंगाल के ऊपर बना हुआ है, जो अब धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिमी राज्यों की तरफ बढ़ रहा है। रविवार को करौली के महावीर जी में 30mm, चूरू में 32.4mm, बांसवाड़ा के अरथुवाना में 35mm बारिश हुई। छत्तीसगढ़ में सरगुजा संभाग बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित है। अंबिकापुर में कई घरों में पानी घुस गया। कई कार तीन फीट तक पानी में डूब गईं। नेशनल हाईवे 343, अंबिकापुर-राजपुर मुख्य मार्ग पर नदियां पुल के ऊपर बह रही हैं। राज्यों से मौसम की तस्वीरें…