इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया है। नेतन्याहू ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में ट्रम्प को इसके बारे में जानकारी दी। नेतन्याहू ने कहा- मैं आपको वह लेटर दिखाना चाहता हूं जो मैंने नोबेल पुरस्कार कमेटी को भेजा है। इसमें आपको शांति पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया गया है, जिसके आप पूरी तरह से हकदार हैं और आपको यह मिलना चाहिए। नेतन्याहू का कहना है कि उन्होंने यह फैसला मिडिल ईस्ट में शांति के लिए ट्रम्प की तरफ से की जा रही कोशिशों के मद्देनजर किया है। पाकिस्तान भी ट्रम्प को नोबेल के लिए नॉमिनेट कर चुका है इजराइल से पहले पाकिस्तान सरकार भी ट्रम्प को 2026 के नोबेल पीस प्राइज के लिए नॉमिनेट कर चुकी है। पाकिस्तान का कहना है कि भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान ट्रम्प की कूटनीतिक पहल और मध्यस्थता ने एक बड़े युद्ध को टालने में मदद की। पाकिस्तानी सरकार ने अपने ऑफिशियल स्टेटमेंट में कहा कि ट्रम्प ने नई दिल्ली और इस्लामाबाद दोनों से बात कर संघर्षविराम में अहम भूमिका निभाई। इससे दो न्यूक्लियर ताकत वाले देशों के बीच युद्ध की आशंका टल गई।