नेपाल-चीन बॉर्डर पर भोटेकोशी नदी में बाढ़:12 नेपाली, 6 चीनी लापता; दोनों देशों को जोड़ने वाला पुल और करीब 200 गाड़ियां बहीं

नेपाल-चीन बॉर्डर पर ​​​​​​भोटेकोशी नदी में मंगलवार सुबह करीब 3 बजे अचानक बाढ़ आ गई। इसमें 18 लोग लापता हैं, जिसमें 12 नेपाली और 6 चीनी नागरिकों हैं। 12 नेपालियों में 3 पुलिसकर्मी, 9 नागरिक हैं। इनकी तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। हालांकि, खराब मौसम के कारण दिक्कत आ रही है। घटना नेपाल के रसुवा जिले में चीनी बॉर्डर की है। रसुवा के मुख्य जिला अधिकारी अर्जुन पौडेल ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि उफनती नदी में नेपाल और चीन को जोड़ने वाला पुल बह गया। हादसे के समय कस्टम पोर्ट पर खड़ी करीब 200 गाड़ियां भी बह गईं। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ लापता लोग वाहनों के अंदर सो रहे थे। गाड़ियों के साथ उनके बहने की आशंका है। पुल के दोनों तरफ, कई व्यापारी भी फंस गए हैं। नेपाल पुलिस के 12 जवान भी फंसे हुए हैं। पानी का स्तर अभी भी ऊंचा है और लगातार बारिश खराब है। अचानक आई बाढ़ के कारणों की अभी जांच की जा रही है। हालांकि, माना जा रहा है कि चीन में भारी बारिश के कारण नदी में बाढ़ आ गई है।