हरियाणा के हिसार में गुरु पूर्णिमा पर प्रिंसिपल की हत्या:स्कूल में घुसे 2 छात्र, ताबड़तोड़ चाकू मारे; बाल कटवाने के लिए कहने से नाराज थे

हरियाणा के हिसार में गुरु पूर्णिमा के दिन स्कूल के ही 2 छात्रों ने प्रिंसिपल की चाकू मारकर हत्या कर दी। दोनों छात्रों ने स्कूल परिसर में ही प्रिंसिपल पर हमला किया। वारदात के बाद दोनों छात्रा वहां से फरार हो गए। जिस वक्त हत्या हुई, स्कूल में पेपर चल रहा था। जिससे पूरे स्कूल में अफरातफरी मच गई। प्रिंसिपल को तुरंत निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों आरोपी छात्र स्कूल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गए। जिसमें वह भागते हुए नजर आए। हमला करने वाले छात्र 11वीं और 12वीं में पढ़ते हैं। कत्ल के बाद उन्होंने एक वीडियो जारी किया। जिसमें कहा कि जगबीर पन्नू (प्रिंसिपल) का काम तमाम कर दिया है, अब बालक की बारी है। 10 लाख का इंतजाम करके रखना। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि प्रिंसिपल के बाल काटकर आने और अनुशासन में रहने के लिए कहे जाने से नाराज होकर उन्होंने ये हत्या की। हांसी के SP यशवर्धन ने कहा कि संभव है कि बच्चों ने किसी गैंगस्टर ग्रुप से प्रेरित होकर यह वारदात की हो। घटना की जांच की जा रही है। प्रिंसिपल की हत्या के बाद के PHOTOS… यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… पुलिस ने स्कूल स्टाफ और छात्रों से पूछताछ की
सूचना मिलते ही थाना बास पुलिस अस्पताल पहुंची औ​​​​​​र मृतक जगबीर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उधर, एक टीम स्कूल भी भेजी गई, जिसने घटना के बारे में स्कूल स्टाफ और छात्रों से जानकारी ली। ‘सीन ऑफ क्राइम’ टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। आरोपी छात्रों की पहचान हुई, कारण तलाश रही पुलिस
थाना बास प्रभारी मनदीप सिंह ने बताया कि स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आई है। इसमें दोनों आरोपी छात्र वारदात के बाद भागते हुए नजर आ रहे हैं। आरोपी छात्रों की पहचान कर ली है। उन्हें पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं। हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस अधीक्षक हांसी के निर्देशन में मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है। बाल कटवाने के लिए कहते थे प्रिंसिपल
पुलिस ने अभी तक जो जांच की है, उसमें सामने आया है कि प्रिंसिपल जगबीर स्कूल के सभी छात्रों को अपने बाल छोटे रखने के लिए कहते थे। जिन दोनों लड़कों पर हत्या करने का आरोप लगा है, उन्हें भी टोकने की बात सामने आई है। इसके अलावा एक आरोपी की उम्र करीब 16 साल है, जो कक्षा 11 का छात्र है, जबकि दूसरे की उम्र 17 साल है, जो 12वीं का छात्र है। दोनों की पहले भी शरारत करने की शिकायतें होती रही है, लेकिन टीचर्स ने इन्हें नजरअंदाज कर दिया। फोल्डिंग चाकू से 2 से 3 वार किए गए
एसपी यशवर्धन का कहना है कि प्रिंसिपल हत्या की जांच की जा रही है। पहली नजर में यही मामला सामने आ रहा है कि प्रिंसिपल छात्रों को बार-बार नोटिस देते थे। उनको बाल कटवाने और सही ढंग से यूनिफॉर्म पहनकर आने के लिए बार-बार टोका करते थे। बताया कि प्रिंसिपल के ऊपर फोल्डिंग चाकू से 2 से 3 वार किए गए हैं। लोकल पुलिस और 2 सीआईए आरोपियों के पीछे लगा दी गई है। एसपी का मानना है कि हो सकता है ये बच्चे किसी गैंगस्टर ग्रुप से प्रेरित हो गए हों, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जल्द इस मामले में खुलासा करेगी।