हरियाणवी सिंगर पर फायरिंग में खुलासा:सटीक रेकी कर पीछा किया, पंच-हैरियर में आए हमलावर; सिद्धू मूसेवाला की हत्या भी ऐसे ही हुई थी

हरियाणवी सिंगर-रैपर राहुल फाजिलपुरिया पर गुरुग्राम में सोमवार रात हुई फायरिंग में बड़ा खुलासा हुआ है। हमलावर 2 गाड़ियों में फाजिलपुरिया का पीछा कर रहे थे। एक कार पंच और दूसरी हैरियर थी। हालांकि फाजिलपुरिया ने थार गाड़ी भगाकर जान बचा ली। वहीं फाजिलपुरिया ने इस बारे में कहा कि उनकी जान को खतरा है। अभी वह इसके बारे में कुछ नहीं कहना चाहते। पुलिस जांच कर रही है। फाजिलपुरिया बॉलीवुड मूवी कपूर एंड संस में ‘लड़की ब्यूटीफुल, कर गई चुल’ से सुर्खियों में आए थे। वह मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के दोस्त भी हैं। फाजिलपुरिया को पहले हरियाणा पुलिस की सिक्योरिटी मिली हुई थी। सरकार ने 3 महीने पहले इसे हटा लिया गया। हालांकि गुरुग्राम पुलिस ने इसको लेकर अभी कुछ नहीं कहा है। वहीं पुलिस ने गोलियां चलने की भी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों को पकड़ने के लिए 2 टीमें गठित की गई हैं। जिसमें क्राइम ब्रांच को भी शामिल किया गया है। अभी तक की जांच में सामने आया कि फाजिलपुरिया पर सटीक रेकी कर हमला किया गया। फाजिलपुरिया पर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या जैसे पैटर्न पर हमला किया है। उसमें भी शूटर 2 गाड़ियों में सवार होकर आए थे। पूरी प्लानिंग के साथ हुआ फाजिलपुरिया पर हमला
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि फाजिलपुरिया पर पूरी प्लानिंग के साथ हमला किया गया। हमलावर पहले से उनकी रेकी कर रहे थे। जिस वक्त हमला हुआ, फाजिलपुरिया अकेले ही थार गाड़ी में सवार थे। सोमवार शाम करीब साढ़े 6 बजे वह गांव फाजिलपुर से सेक्टर 80 स्थित घर में जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी को घेरकर फायरिंग करने की कोशिश की गई। मगर, सिंगर ने हमलावरों के इरादे भांप लिए और थार दौड़ा ली। जिस वजह से हमलावर उनके पीछे गोलियां चलाते रहे लेकिन उन्हें या उनकी थार को कोई नुकसान नहीं हुआ। जहां हमला किया, वह CCTV भी नहीं
हमलावरों की प्लानिंग का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है, उन्हें न केवल ये पता था कि थार में फाजिलपुरिया अकेले हैं बल्कि इस बात की भी जानकारी थी कि जहां पर वह फाजिलपुरिया को घेरकर गोलियां मारने वाले थे, वहां CCTV कैमरे भी नहीं लगे हुए हैं। पुलिस जब हमले की जगह यानी साउदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर पहुंची तो वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं मिल पाए। हालांकि पुलिस ने आगे-पीछे और रोड से जुड़ी लिंक सड़कों पर भी संदिग्ध गाड़ियों को लेकर तलाश शुरू कर दी है। हमले का पैटर्न सिद्धू मूसेवाला की हत्या जैसा
फाजिलपुरिया पर हमले के पैटर्न को पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला से जोड़कर देखा जा रहा है। मूसेवाला की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसकी जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस गैंग ने ली थी। हत्या से पहले मूसेवाला की भी पंजाब सरकार ने सिक्योरिटी कम कर दी थी। जिस दिन हमला हुआ, मूसेवाला थार गाड़ी में 2 दोस्तों के साथ जा रहे थे। हमलावरों ने उनकी थार का पीछा कर उन्हें गोलियां मारीं थी। हालांकि मूसेवाला ने गाड़ी भगाने की जगह उनका मुकाबला किया। मगर शूटरों के पास आधुनिक हथियार थे और उनकी संख्या भी ज्यादा थी, जिस वजह से वे मूसेवाला की हत्या करने में कामयाब रहे थे। फाजिलपुरिया से ED भी पूछताछ कर चुकी
राहुल फाजिलपुरिया को यूट्यूबर एल्विश यादव का क्लोज फ्रेंड माना जाता है। एल्विश यादव के सांपों के जहर के अवैध व्यापार के मामले में भी फाजिलपुरिया का नाम आया था। तब केंद्रीय जांच एजेंसी ED ने उनसे पूछताछ भी की थी। इसके अलावा ED ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा में एल्विश के साथ फाजिलपुरिया की प्रॉपर्टी भी जब्त की थी। राव इंद्रजीत व राज बब्बर के खिलाफ चुनाव लड़ा
राहुल फाजिलपुरिया ने 2024 में गुरुग्राम लोकसभा सीट से पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (JJP) के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि वह चुनाव हार गए थे। उनके मुकाबले भाजपा की तरफ से राव इंद्रजीत और कांग्रेस ने राज बब्बर को चुनाव में उतारा था। यह चुनाव राव इंद्रजीत ने जीता था।