माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में खराबी की वजह से शुक्रवार को दुनियाभर में तकनीकी सेवाएं ठप पड़ गई हैं। अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी समेत 20 से ज्यादा देशों में मेडिकल सर्विसेज और बैंक में काम नहीं हो पा रहा है। टीवी चैनल्स, रेडियो, ट्रेन स्टेशन्स पर भी कामकाज रुक गया है। अमेरिका, ब्रिटेन और भारत जैसे कई देशों में फ्लाइट्स को रोक दिया गया है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में फिलहाल 6 एयरलाइंस तकनीकी दिक्कत का सामना कर रही हैं। इसके अलावा दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ सेवाएं रुक गई हैं। अमेरिका में लोग इमरजेंसी नंबर 911 को कॉन्टैक्ट नहीं कर पा रहे हैं। ब्रिटेन में लोग छोटे बच्चों के साथ 3 घंटों से एयरपोर्ट पर लाइन में लगे हुए हैं। पूरे ब्रिटेन में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जिम्मेदार नेशनल हेल्थ सर्विस कंप्यूटर एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं। वहीं ब्रिटेन में कई स्टोर्स पर कार्ड पेमेंट सिस्टम ठप पड़ गया है। पेमेंट न होने के वजह से ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेरिस ओलंपिक कमेटी की तरफ से भी आईटी सिस्टम में दिक्कत की जानकारी दी गई है। दुनिया भर से तकनीकी समस्याएं सामने आने के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने बयान जारी कर बताया कि उनके क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म में शाम 5 बजकर 56 मिनट पर समस्या शुरू हुई। इसके चलते उससे जुड़े सिस्टम प्रभावित हुए हैं। 15 तस्वीरों के जरिए देखिए कि पूरी दुनिया में तकनीकी सेवाएं ठप होने से क्या असर पड़ रहा है…