एनसीपी अजित पवार के नेता बाबा सिद्दीकी पर फायरिंग:3 गोली लगीं, लीलावती अस्पताल में भर्ती; फरवरी में कांग्रेस छोड़ NCP में आए थे

मुंबई में एनसीपी अजित पवार गुट के नेता और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी पर फायरिंग की गई है। बांद्रा के खेर वाड़ी सिग्नल के पास उनके बेटे के दफ्तर के बाहर उन पर गोलियां चलाई गई हैं। बाबा के पेट में 2 से 3 गोलियां लगी हैं। उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। इसी साल 8 फरवरी को कांग्रेस छोड़ी, 10 को NCP जॉइन की थी
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी ने इसी साल 8 फरवरी को कांग्रेस छोड़ी थी। 2 दिन बाद 10 फरवरी को अजित पवार की नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) में शामिल हो गए थे। सिद्दीकी ने मुंबई में डिप्टी सीएम अजित पवार और NCP के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल सहित दूसरे नेताओं की मौजूदगी में पार्टी जॉइन की थी। NCP की सदस्यता लेने के बाद बाबा सिद्दीकी ने कहा था- कांग्रेस में मुझे करी पत्ते की तरह इस्तेमाल किया गया, जिसका काम सिर्फ स्वाद बढ़ाना होता है। जब आपकी बात न सुनी जाए तो आप किनारा कर ही लेते हैं। अब चिड़िया खेत चुग गई है। सिद्दीकी ने कहा- मैं 48 साल तक कांग्रेस से जुड़ा रहा। इतने समय में लोगों की जिंदगी निकल जाती है। मैं मोटी चमड़ी का नहीं हूं। इसलिए मुझे पार्टी छोड़ते वक्त दुख हुआ। रोज रोने से अच्छा है कि आप दूर हो जाएं। कांग्रेस को सिर्फ वोट चाहिए। उन्हें कुछ देना नहीं है। यूपी के रायपुर लोकसभा के प्रभारी थे सिद्दीकी
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बाबा सिद्दीकी को कुछ समय पहले ही छत्तीसगढ़ के रायपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया था। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बाद संभावना थी कि ये रायपुर लोकसभा क्षेत्र के दौरे पर आते। यहां चुनाव कि तैयारियों को लेकर बैठक करते, लेकिन उससे पहले ही सिद्दीकी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। सिद्दीकी छात्र जीवन से ही कांग्रेस से जुड़े रहे
बाबा सिद्दीकी का पूरा नाम बाबा जियाउद्दीन सिद्दीकी है। वे 1977 में अपने छात्र जीवन में ही कांग्रेस पार्टी से जुड़ गए थे। बाबा ने मुंबई के एमएमके कॉलेज से पढ़ाई की। कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के बाद बाबा साल 1992 और 1997 में दो बार बीएमसी नगर निगम पार्षद चुने गए। इसके बाद बाबा 1999, 2004 और 2009 में तीन बार बांद्रा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे। उनके बेटे जीशान सिद्दीकी बांद्रा पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से अभी कांग्रेस के विधायक हैं और मुंबई युवा कांग्रेस के नेता भी हैं। बाबा की इफ्तार पार्टी में शामिल होते हैं बॉलीवुड सेलिब्रिटी बाबा सिद्दीकी हर साल रमजान के दौरान अपनी इफ्तार पार्टी के लिए सुर्खियों में रहते हैं। इसमें राजनीतिक हस्तियों के साथ बड़े फिल्मी सितारे भी शामिल होते हैं। उनकी पार्टी में बॉलीवुड अभिनेता सलमान और शाहरुख खान तक नजर आ चुके हैं। कहा जाता है कि सलमान और शाहरुख के बीच सुलह भी बाबा सिद्दीकी ने ही कराई थी। दाऊद ने दी थी बाबा को धमकी
साल 2013 में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद ने फोन कर बाबा को धमकाते हुए कहा था कि, राम गोपाल वर्मा से बोलकर तुम्हारी फिल्म बनवा दूंगा, ‘एक था एमएलए’! मुंबई में जमीन के एक टुकड़े को लेकर बाबा सिद्दीकी और दाऊद के करीबी माने जाने वाले अहमद लंगड़ा के बीच विवाद था। इसके बाद छोटा शकील ने बाबा को धमकाया कि वह इस मामले से हट जाएं, वर्ना अंजाम ठीक नहीं होगा। बाबा ने इसकी शिकायत मुंबई पुलिस से की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अहमद लंगड़ा को गिरफ्तार कर मकोका लगा दिया।