अय्यना पत्रुडु चिंताकयाला आंध्र प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष बने। आर्मेनिया ने फिलिस्तीन को मान्यता दी। वहीं, भारत का 9वां सबसे बड़ा सी-फूड एक्सपोर्टर बना UAE। आइए आज के ऐसे ही प्रमुख करेंट अफेयर्स पर नजर डालते हैं, जो सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए अहम हैं… नेशनल (NATIONAL) 1. भारत-बांग्लादेश के बीच कई समझौते हुए: 22 जून को बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इसके तहत भारत में इलाज के लिए आने वाले बांग्लादेशी नागरिकों के लिए देश में ई-मेडिकल वीजा सुविधा शुरू की जाएगी। 2. अय्यना पत्रुडु चिंताकयाला आंध्र प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष बने: 22 जून को तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के वरिष्ठ विधायक अय्यना पत्रुडु चिंताकयाला ने विधानसभा अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने 21 जून को विधानसभा महासचिव पीपीके रामाचार्युलु को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। लॉन्च एंड इवेंट (LAUNCH EVENT) 3. अमित शाह ने FTI-TTP का उद्घाटन किया: 22 जून को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम (FTI-TTP) लॉन्च करने वाला देश का पहला एयरपोर्ट बन गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एयरपोर्ट पर FTI-TTP का उद्घाटन किया। इंटरनेशनल (INTERNATIONAL) 4. आर्मेनिया ने फिलिस्तीन को मान्यता दी: 21 जून को आर्मेनियाई विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर फिलिस्तीन राज्य को मान्यता देने की घोषणा की। इस फैसले का इजराइली सरकार ने विरोध किया। बिजनेस (BUSINESS) 5. भारत का 9वां सबसे बड़ा सी-फूड एक्सपोर्टर बना UAE: 21 जून को भारतीय मरीन प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी (MPEDA) के चेयरमैन डी वी स्वामी ने कहा कि UAE भारत के लिए 9वां सबसे बड़ा सी-फूड एक्सपोर्टर बन गया है। UAE ने भारत से 1.78 मिलियन मीट्रिक टन सी-फूड खरीदा है। आज का इतिहास (TODAY’S HISTORY) 22 जून का इतिहास: 1633 में आज के दिन ही रोमन कैथोलिक चर्च ने गैलीलियो को विधर्मी होने की सजा सुनाई थी। उन्हें जिंदगी भर के लिए नजरबंद कर दिया गया था। गैलीलियो ने बताया था कि पृथ्वी सूर्य के चारों ओर चक्कर लगाती है। जबकि उस समय चर्च और धर्मग्रंथों की मान्यता थी कि सूर्य पृथ्वी का चक्कर लगाता है। इस खोज के चलते उन पर विधर्मी होने के आरोप लगाकर सजा दी गई थी।