बिहार में बिजली गिरने से 21 मौतें:UP में दिल्ली-लखनऊ हाईवे दूसरे दिन भी बंद, MP समेत 8 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में 12 जिलों में 21 लोगों की मौत बिजली गिरने से हुई हैं। ​​​​​​राज्य की ​नदियां उफान पर हैं। भागलपुर में गंगा और कोसी से कटाव हो रहा है। कई घर नदी में समा चुके हैं। कुछ लोग घर छोड़ने के लिए मजबूर हो गए हैं। उधर, उत्तर प्रदेश में नेपाल से लगे जिलों बाढ़ जैसे हालात हैं। पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज के करीब 800 गांव लगातार तीसरे दिन भी बाढ़ की चपेट में हैं। शाहजहांपुर में दिल्ली-लखनऊ हाईवे लगातार दूसरे दिन बंद है। बलरामपुर में प्राइमरी स्कूल में 3 फीट तक पानी भरा है। UP-बिहार के अलावा पूरे देश में ही तेज बारिश का दौर चल रहा है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, जम्मू, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मुंबई में IMD ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे सड़क, रेल और एयर ट्रैफिक सर्विसेस प्रभावित हो सकती हैं। दिल्ली के भी कुछ इलाकों में शुक्रवार देर रात शनिवार सुबह तेज बारिश देखने को मिली। यहां आज भी बारिश होने के आसार हैं। देश में तेज बारिश का असर… बिहार: CM नीतीश बोले- सावधानी बरतें, घरों में सुरक्षित रहें
बिहार के भागलपुर में कोसी उफान पर है। नदी का कटाव तेज हो गया है। पिछले 24 घंटे में आकाशीय बिजली से मधुबनी में 6, औरंगाबाद में 4, पटना में 2 मौत हुई है। वहीं, रोहतास, भोजपुर, जहानाबाद, सारण, कैमूर, गोपालगंज, लखीसराय, मधेपुरा और सुपौल में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। CM नीतीश कुमार ने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपए मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। CM ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से समय-समय पर जारी किए गए सुझावों का पालन करें। घरों में रहें और सुरक्षित रहें। उत्तर प्रदेश: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर अभी भी 3 फीट तक पानी
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शाहजहांपुर में करीब 2 से 3 फीट पानी भरा हुआ है। हाईवे के एक हिस्से को लगातार दूसरे बंद कर दिया गया है। शुक्रवार को 15-20 जिलों में 5 मिलीमीटर बारिश हुई। सबसे ज्यादा 38 मिलीमीटर लखीमपुर खीरी में बारिश हुई। सबसे कम तापमान बरेली में 22.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गोरखपुर में राप्ती नदी के किनारे बहरामपुर में इमारातों की एक-एक मंजिल डूब गई है। यहां जो कालोनियां नदी से दूर हैं, उनमें भी 3-4 फीट तक पानी भर गया है। यहां नाव भी चल रही हैं। प्रशासन ने कहा है कि राप्ती से सटा होने के चलते यह क्षेत्र हर साल डूबता है। असम: बाढ़ से 7 और लोगों की मौत, बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा 90 पहुंचा
असम के कई जिलों में हफ्तेभर से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। इससे 7 और लोगों की जान जा चुकी है। मरने वालों का कुल आंकड़ा 90 हो गया है। असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (ASDMA) की रिपोर्ट में बताया गया है कि गोलपारा जिले में नांव पलटने के कारण 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, नौगांव और जोरहट में बाढ़ के पानी में डूबने से 1-1 शख्स की मौत हो गई। राज्य सरकार ने बताया कि 24 जिलों में 12 लाख से ज्यादा लोग अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं। कुल 316 रिलीफ कैंप में 2 लाख से ज्यादा लोग रह रहे हैं। काजिरंगा नेशनल पार्क के 180 जानवरों की मौत हो चुकी हैं। हालांकि अब बाढ़ के पानी का लेवल कम हो रहा है। आज 21 राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD ने आज 21 राज्यों कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात, तेलंगाना, असम, मेघालय, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, जम्मू, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार में बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, विदर्भ (महाराष्ट्र), छत्तीसगढ़ में तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट है। देशभर में बारिश की तस्वीरें… आगे मौसम कैसा रहेगा… सेंट्रल वाटर कमीशन बोला- 10 महीने में पहली बार बढ़ा जलाशयों का जलस्तर
सेंट्रल वाटर कमीशन ने बताया है कि देश के जलाशयों का जल स्तर पिछले साल सितंबर के बाद पहली बार बढ़ा है। दरअसल, भारत के 150 जलाशयों की निगरानी करने वाले CWC ने 4 जुलाई को नई जानकारी साझा की है। इसमें बताया गया है कि वाटर लेवल कुल 2 प्रतिशत बढ़ा है। हालांकि, CWC ने कहा है कि इन जलाशयों का कुल स्टोरेज लेवल पिछले साल की तुलना में गिर गया है। फिलहाल जो 2 परसेंट बढ़ोतरी के आकड़े सामने आए हैं, वह मौजूदा स्टोरेज लेवल की तुलना में देखे गए आंकड़े हैं। अगर पिछले साल के स्टोरेज लेवल से आज का जल स्तर नापेंगे तो यह कम ही आएगा। राज्यों की मौसम की खबरें… मध्य प्रदेश: 8 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, IMD बोला- गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी मध्यप्रदेश से ट्रफ लाइन भले ही दूर निकल गई हो, लेकिन उत्तरी गुजरात में एक्टिव साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम की वजह से कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को भोपाल-इंदौर समेत 12 जिले भीगे, जबकि शनिवार को 8 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है।​​​​​​ पूरी खबर पढ़ें…​ उत्तर प्रदेश: शाहजहांपुर में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर पानी भरा, गोरखपुर में राप्ती के किनारे घरों की एक मंजिल डूबी पहाड़ों में हो रही बारिश से नेपाल-UP बॉर्डर के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। सबसे ज्यादा भयावह स्थिति शाहजहांपुर में है। यहां लोगों ने पलायन करना शुरू कर दिया है। लखनऊ-दिल्ली हाईवे का एक हिस्सा दूसरे दिन भी बंद है। हाईवे पर 3 फीट पानी भरा है। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 30 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बिहार के अधिकतर जिलों में मानसून की झमाझम बारिश हो रही है। शनिवार सुबह गोपालगंज में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज 30 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वज्रपात से बीते 24 घंटे में 12 जिलों में 21 लोगों की मौत हुई हैं। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: 20 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ में तूफानी बरसात उत्तरी राजस्थान के जिलों में शुक्रवार को तेज आंधी के साथ बारिश हुई। हनुमानगढ़-गंगानगर में तूफान के कारण कई जगह पेड़ और कच्चे मकानों के टीनशेड गिर गए। जयपुर, झालावाड़, चूरू, बूंदी, बारां, बांसवाड़ा, झुंझुनूं, प्रतापगढ़, बीकानेर में भी बारिश हुई। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: 7 शहरों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 14 जुलाई के बाद फिर सक्रिय होगा मानसून हरियाणा के 7 शहरों में शनिवार सुबह 9 बजे तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत में गरज/बिजली/अचानक तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: प्रदेश में 2 दिन बारिश की संभावना, मानसून के फिर सक्रिय होने से तापमान में 6.5 डिग्री की गिरावट पंजाब में मानसून के फिर से सक्रिय होने के बाद तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है। एक ही दिन में पंजाब के औसत तापमान में 6.5 डिग्री की गिरावट आई है, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है। आने वाले दो दिनों में पंजाब में सामान्य या इससे कम बारिश होने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें…