भारत के पूर्व विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा को अमेरिका में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया है। क्वात्रा अमेरिका में पूर्व राजूदत तरणजीत सिंह संधू के इस्तीफे के बाद खाली हुए पद पर नियुक्त होंगे। वे इससे पहले भी अमेरिका और फ्रांस में राजदूत के तौर पर काम करत चुके हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… बिलकिस बानो गैंगरेप केस- 2 आरोपियों ने मांगी अंतरिम जमानत, सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की; 8 जनवरी को दोबारा जेल भेजे गए थे सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो रेप केस के दो दोषियों राधेश्याम भगवानदास और राजूभाई बाबूलाल सोनी की याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया। दोनों ने जेल से जल्दी रिहाई के लिए उनकी याचिका पर नया फैसला आने तक अंतरिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी। जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस पीवी संजय कुमार की बेंच ने कहा कि दोषियों को ऐसा कोई लाभ नहीं दिया जाएगा। कोर्ट ने पूछा, “यह दलील क्या है? इसे कैसे स्वीकार किया जा सकता है। यह पूरी तरह से गलत है। हम अपील पर कैसे विचार कर सकते हैं?” इसके बाद दोनों दोषियों ने याचिका वापस ले ली। 8 जनवरी को अदालत ने उनकी सजा में छूट रद्द करने का फैसला सुनाया था। कोर्ट ने कहा था कि गुजरात राज्य के पास इस मामले में बलात्कार के दोषियों पर अपनी छूट नीति लागू करने का कोई अधिकार नहीं है। इसलिए दोषियों को दोबारा जेल भेजने का आदेश दिया था। महाराष्ट्र के जलगांव में कार ने 5 महिलाओं को टक्कर मारी, एक की मौत महाराष्ट्र के जलगांव के मेहरून इलाके में गुरुवार (18 जुलाई) शाम को एक तेज रफ्तार कार ने 5 महिलाओं को टक्कर मार दी। इसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि 4 महिलाएं बुरी तरह घायल हो गईं। दो बच्चों के घायल होने की भी खबर है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार ड्राइवर को पकड़कर पीटा, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक महिला शोभा साईं प्रसाद मंगलपुरी कॉलोनी की रहने वाली थी। ड्राइवर के खिलाफ MIDC पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है। चिली में 7.3 तीव्रता का भूकंप, 21 दिन में यहां दूसरी बार कांपी जमीन, जानमाल का नुकसान नहीं चिली के एंटोफगास्टा में 7.3 तीव्रता का भूकंप आया। यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सिस्मोलॉजिकल सेंटर ने बताया कि भूकंप का केंद्र जमीन के 128 किलोमीटर नीचे था। अब तक जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। इससे पहले 29 जून को भूकंप आया था। तब इसकी तीव्रता 5.2 थी। दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट का रूट डायवर्ट, 225 यात्री सवार थे दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को गुरुवार को तकनीकी दिक्कत के चलते रूस के क्रास्नोयार्स्क इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। एयर इंडिया ने शुक्रवार को बताया कि फ्लाइट एआई-183 में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। फ्लाइट में 225 यात्रियों के साथ 19 चालक दल सवार थे। एयर इंडिया ने कहा कि हम लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं। यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी है। NEET पेपर लीक में झारखंड के रांची रिम्स की स्टूडेंट हिरासत में, CBI की टीम पूछताछ कर रही NEET UG पेपर लीक मामले में सीबीआई ने रिम्स की एमबीबीएस फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट सुरभि को हिरासत में लिया है। वो गर्ल्स हॉस्टल 3 में रहती है। सीबीआई की टीम ने गुरुवार को सुरभि को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वो नहीं आई। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़ में 24-घंटे में 2 IED ब्लास्ट, 2 जवान शहीद, 6 घायल: एंटी नक्सल ऑपरेशन से लौट रही थी फोर्स छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले की सीमा पर पिछले 24 घंटे में 2 अलग-अलग जगह IED ब्लास्ट हुए। इसमें 2 जवान शहीद हो गए, वहीं 6 जवान घायल हैं। घायलों में 2 DRG के जवान हैं, बाकी STF के हैं। इधर, दंतेवाड़ा पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में जवानों ने 1 महिला माओवादी को मार गिराया है। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान के बीकानेर में ट्रक में पीछे से घुसी कार, हादसे में 6 की मौत राजस्थान के बीकानेर में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा बीकानेर से 100 KM दूर महाजन थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने बताया कि पंजाब के डबवाली से बीकानेर जा रही तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। कार को काटकर शव निकाले गए। पूरी खबर पढ़ें…