नमस्कार, कल की बड़ी खबर बुजुर्गों के हेल्थकेयर से जुड़ी रही। अब 70 और उससे ज्यादा उम्र के लोगों को 5 लाख रुपए का मुफ्त इलाज मिलेगा। दूसरी बड़ी खबर हरियाणा चुनाव में धांधली मामले से जुड़ी रही। इलेक्शन कमीशन ने कांग्रेस को 1600 पेज का जवाब दिया। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. 70+ वालों को अब ₹5 लाख का मुफ्त इलाज, PM मोदी ने दिल्ली-बंगाल के बुजुर्गों से माफी मांगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9वें आयुर्वेद दिवस पर 70 साल और उससे ज्यादा उम्र के लोगों के लिए 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा शुरू की। इससे 6 करोड़ बुजुर्गों को फायदा मिलेगा। दरअसल, सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) का विस्तार किया और इसमें बुजुर्गों को शामिल किया। PM मोदी ने कहा;- मैं दिल्ली और बंगाल के बुजुर्गों से क्षमा मांगता हूं कि उनकी सेवा नहीं कर पाऊंगा। इसका कारण- इन दोनों राज्यों की सरकार इस योजना से नहीं जुड़ रही। माफी मांगता हूं कि देशवासियों की सेवा कर पा रहा हूं, लेकिन राजनीतिक स्वार्थ दिल्ली-बंगाल में सेवा नहीं करने दे रहा। मेरे दिल में कितना दर्द होता है, मैं शब्दों में बयां नहीं कर पाऊंगा। पूरी खबर पढ़ें… 2. कांग्रेस के हरियाणा चुनाव में धांधली के आरोप खारिज, चुनाव आयोग ने 1600 पेज का जवाब दिया, कहा- आरोप गलत चुनाव आयोग (EC) ने कांग्रेस के हरियाणा विधानसभा चुनाव में धांधली के आरोपों को खारिज कर दिया। EC ने 1600 पेज के जवाब में आरोपों को गलत और तथ्यहीन बताया। आयोग ने कहा, ‘मतदान और मतगणना के दौरान गैर जिम्मेदाराना आरोप लगाने से अराजकता पैदा हो सकती है। आयोग ने पिछले एक साल में 5 मामलों का हवाला देते हुए कांग्रेस पार्टी को नसीहत दी और कहा कि बिना किसी सबूत के आरोप न लगाएं।’ कांग्रेस ने 20 सीटों पर EVM की गड़बड़ी का दावा किया था। 13 अक्टूबर को आयोग से शिकायत की थी। दरअसल, राज्य में 5 अक्टूबर को मतदान हुआ था और 8 अक्टूबर को रिजल्ट आए थे। 48 सीटें जीतकर भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई। भाजपा इस बार 48 सीटें जीतकर बहुमत की सरकार बनाने वाली है। पूरी खबर पढ़ें… 3. UP के गाजियाबाद जज जिला कोर्ट में कुर्सियां फेंकीं, पुलिस चौकी फूंकी, सुनवाई के दौरान बहस गाजियाबाद में जिला जज की कोर्ट में सुनवाई के दौरान जज और वकीलों में बहस हो गई। इसके बाद वकीलों ने कोर्ट रूम में कुर्सियां फेंकीं। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज कर किया। इससे गुस्साए वकीलों ने कचहरी की पुलिस चौकी में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। उनका आरोप है कि कोर्ट रूम में दरवाजे बंद करके उन्हें पीटा गया। क्या है पूरा मामला: वकील नाहर सिंह यादव ने जज से एक व्यक्ति की जमानत अर्जी दूसरे कोर्ट में ट्रांसफर करने की मांग की थी। इसी बात को लेकर उनकी जिला जज से कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि जिला जज डाइस से उतर कर नीचे आ गए। पूरी खबर पढ़ें… 4. अमेरिका चुनाव से पहले 2 जगह बैलेट बॉक्स फूंके, 75% लोगों को हिंसा का डर अमेरिका में चुनाव से ठीक 7 दिन पहले वॉशिंगटन और ओरेगन इलाके में कुछ बैलेट बॉक्स में आग लगा दी गई। इसमें जमा हुए सैकडों बैलेट पेपर जलकर राख हो गए। चुनाव अधिकारी CCTV फुटेज जरिए इसका पता लगाने की कोशिश में जुटे हैं। चुनाव अधिकारी टिम स्कॉट ने कहा कि जिन मतदाताओं के बैलेट पेपर जले हैं उनसे संपर्क कर उन्हें नए मतपत्र दिए जाएंगे। अमेरिका में हिंसा आम, 4 प्रेसिडेंट की हत्या हो चुकी: दुनिया का सबसे पुराना लोकतंत्र कहे जाने वाले अमेरिका में चुनावी हिंसा आम बात हो गई है। इसी चुनाव में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को मारने की दो बार कोशिश हुई। इकनॉमिक टाइम्स के के मुताबिक, 75% अमेरिकी मतदाताओं को हिंसा का डर है। इससे पहले भी अमेरिका में चार राष्ट्रपतियों की हत्या हो चुकी है। इन चार के आलावा 16 अन्य पूर्व राष्ट्रपति भी ऐसे हमलों में बाल बाल बचे हैं। पूरी खबर पढ़ें… 5. सलमान को धमकी देने वाला नोएडा से गिरफ्तार, आरोपी 20 साल का; पिता टेलरिंग का काम करते हैं एक्टर सलमान खान को धमकी देने के आरोपी को मुंबई पुलिस ने नोएडा से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान मोहम्मद तैय्यब (20) के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी को सूरजपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहां से मुंबई पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेकर जाएगी। 25 अक्टूबर को धमकी दी थी: आरोपी यूपी के बरेली का रहने वाला है। अभी दिल्ली में ज्योति नगर में अपने चाचा के पास रहता था। पिता सिलाई का काम करते हैं। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। इसकी जांच की जा रही है। अभी तक आरोपी का किसी गैंग से संबंध नहीं मिला है। दरअसल, 25 अक्टूबर को फिरौती न देने पर सलमान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पूरी खबर पढ़ें… 6. हिजबुल्लाह ने नईम कासिम को चीफ बनाया, नसरल्लाह की मौत के 32 दिन बाद फैसला इजराइली हमले में हसन नसरल्लाह की मौत के 32 दिन बाद हिजबुल्लाह ने नए चीफ की घोषणा की है। डिप्टी लीडर नईम कासिम को संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हिजबुल्लाह ने स्टेटमेंट जारी कर कहा कि नईम कासिम ने संगठन के उसूलों का हमेशा पालन किया है। कासिम संगठन में अब तक नंबर 2 की पोजिशन पर था। नसरल्लाह की मौत के बाद कासिम ने ही लेबनान की जनता को संबोधित किया था। कासिम ईरान में है: ये दावा UAE के मीडिया हाउस इरेम न्यूज ने किया है। कासिम ने 5 अक्टूबर को बेरूत छोड़ दिया था। उसे ईरान के विदेश मंत्री के विमान से ले जाया गया था। ईरान के नेताओं ने इजराइल के डर से कासिम को निकालने का आदेश दिया था। पूरी खबर पढ़ें… 7. एयरफोर्स में चौथी जेनरेशन के एडवांस फाइटर की कमी, 114 लड़ाकू विमानों के लिए जल्द जारी होगा टेंडर इंडियन एयरफोर्स चौथी जेनरेशन के एडवांस 4.5 जेनरेशन वाले फाइटर प्लेन की कमी से जूझ रहा है। एयरफोर्स जल्द ही 114 मल्टी रोल फाइटर जेट खरीदने के लिए ओपन टेंडर जारी करने की तैयारी में है। एयरफोर्स का मानना है कि नॉर्थ और वेस्टर्न फ्रंट पर चुनौतियों का सामना करने के लिए उसे एडवांस 4.5 जेनरेशन के फाइटर जेट्स की जरूरत है। इससे पहले साल 2016 में सरकार ने 36 राफेल विमान खरीदे थे। कई जेट्स अगले 5-7 साल में रिटायर होंगे: इंडियन एयरफोर्स में फाइटर जेट्स के करीब 30 स्क्वॉड्रन हैं। इनमें जगुआर, मिराज-2000 और मिग-29 शामिल हैं। इनमें शामिल कई जेट्स अगले 5-7 साल में रिटायर होने वाले हैं। अगले कुछ महीनों में मिग-21 को भी स्क्वाड्रन से हटाया जाना है। पूरी खबर पढ़ें… 8. अडाणी एंटरप्राइजेज का मुनाफा आठ गुना बढ़ा, जुलाई-सितंबर तिमाही में प्रॉफिट 1,742 करोड़ रुपए रहा अडाणी एंटरप्राइजेज का जुलाई-सितंबर तिमाही में मुनाफा सालाना आधार पर लगभग आठ गुना बढ़कर 1,742 करोड़ रुपए हो गया है। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 228 करोड़ रुपए था। वहीं, अडाणी एंटरप्राइजेज की दूसरी तिमाही में रेवेन्यू 16% बढ़कर 22,608 करोड़ हो गया है। एक साल पहले की समान तिमाही में रेवेन्यू 19,546 करोड़ रुपए था। कंपनी ने 29 अक्टूबर को वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। पूरी खबर पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… अमेरिका में दुर्लभ सिक्का 4 करोड़ रुपए में नीलाम अमेरिका में एक दुर्लभ सिक्का 4 करोड़ रुपए में नीलाम हुआ है। इसे 1975 में सैन फ्रांसिस्को में टकसाल में बनाया गया था। यह 1970 के दशक से एक बैंक की तिजोरी में रखा हुआ था। सिक्के पर पूर्व राष्ट्रपति फ्रैंकलिन रूजवेल्ट की तस्वीर छपी हुई है। इस पर एक विशेष साइन ‘S’ नहीं बना हुआ है, जो हर अमेरिकी सिक्के पर होता है। ऐसे केवल 2 सिक्के ही मौजूद हैं। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…