हमले के बाद डोनाल्ड ट्रम्प का पहला भाषण:कान पर पट्टी बांधकर पहुंचे समर्थक, पोती काई के भाषण से भावुक हुए पूर्व राष्ट्रपति

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपने ऊपर हुए जानलेवा हमले के बाद आज पहली बार भाषण दे रहे हैं। विस्कॉन्सिन राज्य के मिलवॉकी शहर में अपनी पार्टी रिपब्लिकन के नेशनल कन्वेंशन में समर्थकों को संबोधित कर रहे हैं। भाषण की शुरूआत करते हुए ट्रम्प ने सबसे पहले राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवारी को स्वीकार कर लिया है। दरअसल, इस कन्वेंशन के पहले दिन डोनाल्ड ट्र्म्प को आधिकारिक तौर पर राष्ट्रपति उम्मीदवार चुना गया था। ट्रम्प के भाषण को सुनने के लिए पहुंचे उनके समर्थकों ने भी कान पर ट्रम्प की तरह ही पट्टी बांधी हुई है। भाषण शुरू होने से पहले वे ‘फाइट-फाइट’ का नारा लगाते नजर आए। पार्टी कन्वेंशन में ट्रम्प की पत्नी मेलानिया ट्रम्प समेत पूरा परिवार मौजूद है। इससे पहले ट्र्म्प ने अपने सहयोगी जेडी वेंस को उपराष्ट्रपति उम्मीदवार घोषित किया था। अमेरिका में 5 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए डोनाल्ड ट्रम्प ने पूरी ताकत झोंक दी है। शनिवार को पेंसिलवेनिया में रैली में जानलेवा हमले के बाद भी वे वोटर्स को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।