फिल्म इंडस्ट्री में मशहूर डायलॉग राइटर और लिरिसिस्ट जावेद अख्तर के पियक्कड़पन के किस्से मशहूर हैं। जावेद ने खुद कई इंटरव्यूज में कबूला है कि वो हर रोज शराब की एक बोतल खत्म कर दिया करते थे। अब एक चैट शो में उन्होंने बताया है कि शराब पीकर उनके अंदर का शैतान बाहर आ जाता था। हाल ही में बी ए मैन यार चैट शो में निखिल तनेजा को दिए एक इंटरव्यू में जावेद अख्तर ने शराब पीने की वजह पर बात की है। उनसे पूछा गया था कि क्या वो अपने अंदर के जज्बात बाहर लाने के लिए शराब पिया करते थे। इस पर जावेद साहब ने जवाब दिया, ‘हां, मेरे अंदर कई छिपे हुए इमोशन्स थे। जिस गुस्से की आप बात करते हैं या जिस कड़वाहट की आप बात करते हैं, वो मेरे अंदर थी। यही वजह है कि अक्सर में शराब पीने के बाद एक बेहद आक्रामक इंसान बन जाता था, जो मैं आमतौर पर नहीं होता हूं, न मैं कभी था।’ आगे जावेद साहब ने कहा है, ‘जब भी मैं नशे में नहीं होता था, तब मैं कभी आक्रामक नहीं होता था। जब मैं पीता था, तो मेरे अंदर एक दूसरा शैतान निकल आता था। मैंने अपनी जिंदगी में 2-4 अच्छे काम किए हैं। उनमें से एक ये है कि 31 जुलाई 1991 को मैंने आखिरी बार शराब पी और उसके बाद कभी शराब नहीं पी। मैंने कभी शैंपेन का एक घूंट तक नहीं लिया। लोग चीयर्स करके शराब होंठों पर लगा लेते हैं, लेकिन मैंने वो तक नहीं किया। मैंने शराब में अपने होंठ तक नहीं लगाए।’ कुछ समय पहले ही जावेद अख्तर ने शराब छोड़ने की असल वजह बताई थी। उन्होंने अरबाज खान के चैट शो द इन्विंसिबल में बताया था कि एक समय में वो रोजाना एक बोतल शराब पीते थे, लेकिन एक दिन अचानक उन्होंने शराब छोड़ने का फैसला कर लिया। दरअसल, एक बार वो पत्नी शबाना आजमी के साथ लंदन गए हुए थे। लंदन के अपने फ्लेट में जावेद साहब ने जमकर शराब पी। जैसे ही वो शबाना के पास गए तो बदबू ने उन्होंने अजीब रिएक्शन दिया। शबाना का रिएक्शन देखने के बाद नशे में धुत जावेद साहब ने पहले तो नाश्ता मांगा और फिर कहा कि मैं आज के बाद कभी शराब नहीं पीयूंगा। तब से लेकर आज तक जावेद साहब ने कभी शराब को हाथ तक नहीं लगाया है।