बंद पड़ीं करण जौहर की दो बड़ी फिल्में:द बुल में काम करने से सलमान खान का इनकार, कार्तिक आर्यन स्टारर फिल्म भी रोकी गई

करण जौहर ने साल 2020 में मेगा बजट हिस्टोरिकल ड्रामा फिल्म तख्त अनाउंस की थी, लेकिन फिल्म ठंडे बस्ते में जा चुकी है। अब खबरें हैं कि करण जौहर की 2 और फिल्में बंद पड़ चुकी हैं। इनमें से पहली फिल्म द बुल है, जिसमें सलमान खान लीड रोल में नजर आने वाले थे, जबकि दूसरी फिल्म कार्तिक आर्यन स्टारर वॉर बेस्ड अनटाइटल फिल्म थी। दोस्ताना 2 की कास्टिंग के चलते करण जौहर और कार्तिक आर्यन के बीच मतभेद हो गए थे, जिसकी भरपाई करण जौहर ने दूसरी फिल्म से की थी, लेकिन अब वो फिल्म भी बंद पड़ चुकी है। हाल ही में आई बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट में प्रोडक्शन हाउस से जुड़े करीबी सूत्र के हवाले से बताया है गया है कि करण जौहर और एकता कपूर ने वॉर फिल्म में कार्तिक आर्यन की कास्टिंग की थी। ये फिल्म युद्ध और देशभक्ति पर आधारित होने वाली थी। करण जौहर की इसी जॉनर की पिछली फिल्म योद्धा कोई खास कमाल नहीं दिखा सकी थी। मार्केट इंट्रेस्ट देखते हुए करण जौहर ने वॉर पर बनने वाली अपकमिंग फिल्म को बंद करने का फैसला कर लिया है। इस फिल्म को संदीप मोदी डायरेक्ट करने वाले थे। साल 2019 में करण जौहर ने कार्तिक आर्यन के साथ फिल्म दोस्ताना 2 अनाउंस की थी। इस फिल्म में कार्तिक आर्यन, लक्ष्य और जान्हवी कपूर लीड रोल में होने वाले थे, हालांकि क्रिएटिव डिफरेंस के चलते करण जौहर ने कार्तिक आर्यन को फिल्म से निकाल दिया था। कास्टिंग बदले जाने पर दोनों के बीच मतभेद हो गए थे। करण जौहर ने ये भी दावा किया था कि धर्मा प्रोडक्शन कार्तिक आर्यन के साथ अब कभी कोई फिल्म नहीं करेगा। हालांकि बीते साल करण जौहर ने मतभेद खत्म करते हुए उन्हें वॉर फिल्म में कास्ट किया था। हालांकि अब वो फिल्म भी बंद पड़ चुकी है। सलमान खान की द बुल भी हुई बंद करण जौहर, विष्णु वर्धन के निर्देशन में फिल्म द बुल बना रहे थे। इस पैरामिलिट्री फिल्म में सलमान खान लीड रोल निभा रहे थे। अब सूत्रों की मानें तो ये फिल्म भी बंद होने की कगार पर आ चुकी है। दरअसल, सलमान खान ने बिजी शूटिंग शेड्यूल के लिए करण जौहर से जुलाई तक का समय मांगा था। हालांकि अब उन्होंने साजिद नाडियाडवाला और एआर मुरुगादास की फिल्में शुरू करने का फैसला लिया है। सलमान खान इन दिनों सिकंदर की शूटिंग कर रहे हैं, जिसके बाद वो मई से दूसरी फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। बिजी शेड्यूल के चलते अब सलमान खान ने द बुल छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने ये कहते हुए फिल्म से बैकआउट किया है कि वो करण जौहर के फ्यूचर प्रोजेक्ट का हिस्सा बनेंगे। सलमान खान के हटने से फिल्म बंद पड़ सकती है।