एक्ट्रेस रश्मि देसाई ने हाल ही में पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में अपनी आर्थिक परेशानियों पर बात की। उन्होंने सड़क पर 4 दिन बिताने और सुसाइड के विचारों पर भी चर्चा की। मेरे ऊपर करोड़ों का कर्ज था रश्मि ने बताया कि वह साधारण परिवार से हैं। उनकी मां ने उन्हें और उनके भाई को पालने में बहुत मेहनत की। उन्होंने कहा, ‘मेरी जिंदगी में बहुत उतार-चढ़ाव रहे। 2017 में मेरे परिवार में झगड़े चल रहे थे। मैं पैसे के मामले में बहुत कमजोर थी। मेरी कमाई शून्य थी। मेरे ऊपर करोड़ों का कर्ज था।’ मुझे पैसे का सही उपयोग करना नहीं आया उसी समय रश्मि को ‘दिल से दिल तक’ शो मिला। इस शो के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘शो की जर्नी दिलचस्प रही। अच्छे पैसे मिले जिससे मैंने अपना भविष्य सुरक्षित किया। लेकिन भविष्य सुरक्षित करना ही सब कुछ नहीं होता। मुझे पैसे का सही उपयोग करना नहीं आया। जितना पैसा आया था, मुझे बस इतना पता था कि मुझे कर्ज और उधार चुकाने हैं। लेकिन भविष्य बनाने के लिए प्लान ए, प्लान बी जैसे कदम उठाने होते हैं, वो मुझे नहीं आता था।’ ‘बिग बॉस 13’ करने का फैसला एक्ट्रेस ने आगे कहा कि उनकी मां साधारण सरकारी शिक्षक थीं। जो भी जानकारी थी, उसी से काम चलाया। लेकिन जब रश्मि मुश्किल दौर से गुजर रही थीं, तो वह और उनके भाई भी परेशान थे। वह सिर्फ काम करने, पैसा कमाने और भविष्य सुरक्षित करने पर ध्यान दे रही थीं। उन्होंने एक घर भी खरीदा। इस भाग दौड़ में वे बीमार पड़ गईं। इसी समय उन्होंने ‘बिग बॉस’ करने का फैसला किया। रश्मि ने कहा, ‘मेरे पास कोई चॉइस नहीं थी। सोचा ‘बिग बॉस’ कर लेती हूं, पैसा मिल जाएगा। फिर मैं घर बैठ जाऊंगी।’ उन्होंने बताया कि वह सीजन की सबसे ज्यादा पैसे पाने वाली कंटेस्टेंट थीं।’ रिक्शा चालकों की तरह बीस रुपये का खाना खाती थीं रश्मि ने कर्ज और शो बंद होने की मुश्किलों के बारे में भी बात की। उन दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं 4 दिन सड़क पर थी। मेरे पास ऑडी ए6 थी। जिसमें मैं सोती थी। मेरे मैनेजर के पास मेरे घर का सारा सामान रखा हुआ था। मैं अपने परिवार से अलग हो गई थी।’ उन्होंने बताया कि वह रिक्शा चालकों की तरह बीस रुपये का खाना खाती थीं। इन चार दिनों में उन्होंने महसूस किया कि उन्होंने कभी खुद को प्राथमिकता नहीं दी। इस दौरान उन्हें जीवन के कई सबक मिले। क्या जिंदगी है ये? इससे अच्छा तो मर जाऊं उनका तलाक हो गया था। उनके दोस्त उन्हें नहीं समझ पाए। उनके परिवार ने कभी उनके फैसलों का समर्थन नहीं किया। उन्होंने बताया कि उन्हें ‘दिल से दिल तक’ एक करीबी सहयोगी के माध्यम से मिला। रश्मि ने आगे कहा, ‘फिर मैंने अपना कर्ज पूरा किया। कई शोज किए। मैं सोती नहीं थी। अंदर तनाव से भरी थी लेकिन बाहर कुछ नहीं दिखाती थी। मैं सोचती थी, क्या जिंदगी है ये? इससे अच्छा तो मर जाऊं।’ ‘बिग बॉस 13’ और ‘दिल से दिल तक’ के अलावा रश्मि देसाई ने कई और महत्वपूर्ण शो किए हैं। इनमें ‘उतरन’ और ‘खतरों के खिलाड़ी 6’ शामिल हैं।