हरियाणा के खेल राज्य मंत्री पेरिस ओलिंपिक में शूटिंग में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले अंबाला के सरबजोत सिंह के घर पहुंचे। मंत्री संजय सिंह ने इस दौरान परिवार को बधाई दी। उन्होंने सरबजोत के पिता जतिंदर सिंह की सीएम नायब सैनी से फोन पर बात कराई। मुख्यमंत्री ने सरबजोत के परिवार को बधाई दी। खेल मंत्री संजय सिंह ने परिवार को शॉल देकर सम्मानित किया और सरबजोत की कामयाबी पर बधाई दी। वहीं, सरबजोत के पिता ने मुख्यमंत्री को अंबाला से पहला मुख्यमंत्री होने की बधाई भी दी।वहीं सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भी घर पहुंच परिवार को सम्मान देते हुए बधाई दी। बता दें कि सरबजोत सिंह ने यह मेडल 10 मीटर पिस्टल शूटिंग के मिक्स इवेंट में जीता है। उनके साथ दूसरी शूटर झज्जर की मनु भाकर थीं। जिन्होंने एक ही ओलिंपिक में 2 मेडल जीतकर इतिहास रचा। जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सरबजोत से बात कर उन्हें बधाई दी थी।