KKK 14: आसिम रियाज के बचाव में उतरीं शिल्पा शिंदे:बोलीं- वो अकेला था, सभी एक गुट बनाकर उसे उकसा रहे थे

‘खतरों के खिलाड़ी 14’ से आसिम रियाज का अचानक बाहर होना चर्चा में है। आसिम ने एक टास्क हारने के बाद अभिषेक कुमार और शालिन भनोट को ‘लूजर’ कहा था। रोहित शेट्टी ने आसिम को बुरा बर्ताव करने के कारण शो से निकाल दिया। आसिम की को-कंटेस्टेंट शिल्पा शिंदे ने उनका समर्थन किया है। टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में शिल्पा ने कहा, ‘कुछ भी नहीं हुआ था। एक आदमी एक तरफ था और बाकी सभी एक गुट बनाकर उसे उकसा रहे थे, क्योंकि वे उसका स्वभाव को जानते थे। सभी लोग सफलता को संभाल नहीं पाते। सब लोग गलत थे, सब लोग सही थे। मैंने उसे बार-बार कहा कि वह चुप रहे और बहस न करे।’ शो में आसिम ने कहा था कि वह हर तीन महीने में एक कार खरीद सकता है, जिससे रोहित नाराज हो गए थे। शिल्पा ने कहा कि आसिम को ‘खतरों के खिलाड़ी’ को ‘बिग बॉस’ जैसा नहीं समझना चाहिए था। उन्होंने आगे कहा, ‘वह आक्रामक नहीं था, लेकिन वह बहुत बातूनी था… वह अपनी अनुभवों और दर्द को शेयर करना चाहता था। उसे ज्यादा बोलने की आदत है। उसे चुप कराना पड़ता है। उसके बोलने का तरीका गलत हो सकता है।’ एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘यह बिग बॉस नहीं है। अगर वहां दोस्ती हुई है, तो उसका सम्मान करना चाहिए। इसे रबर की तरह मत खींचो, यह स्टंट वाला शो है, यहां झगड़े करने की कोई जरूरत नहीं है। तू-तू मैं-मैं हो गई। जो आसिम के फैंस भी नहीं हैं, उन्होंने देखा कि उसे परेशान किया गया। इन बातों को दबाया जा सकता था। सब मिलकर एक इंसान पर हावी हो गए। मैं चुप थी और उसे भी चुप रहने को कहा। उसने अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मारी।’ शिल्पा का कहना है कि शो को सिर्फ स्टंट्स पर ध्यान देना चाहिए, न कि निजी झगड़ों पर।