जब गला खराब होने से रोने लगे मोहम्मद रफी:सायरा बानो ने शेयर किया किस्सा, दिलीप कुमार के देसी नुस्खे ने दूर कर दी थी सिंगर की तकलीफ

सायरा बानो ने अपने लेटेस्ट इंस्टाग्राम पोस्ट में लीजेंड्री सिंगर मोहम्मद रफी को याद किया। इस दौरान उन्होंने रफी साहब और दिलीप कुमार का एक किस्सा भी शेयर किया। सायरा ने बताया कि कैसे दिलीप साहब के एक नुस्खे ने मोहम्मद रफी की बीमारी में राहत पहुंचाने का काम किया था। रफी साहब और दिलीप कुमार की फोटो शेयर करते हुए सायरा ने लिखा, ‘मैं 1962 का एक किस्सा यहां आप सबसे शेयर करना चाहती हूं। इंडो-चाइना वॉर के तुरंत बाद रफी साहब और दिलीप साहब सरहद पर जवानों का मनोरंजन करने के लिए गए थे। इसी दौरान रफी जी को गले में इंफेक्शन हो गया। जब गला खराब होने से रोने लगे मोहम्मद रफी रफी साहब को लगा कि इंफेक्शन के चलते गा नहीं पाएंगे इसलिए वे रोने लगे। दरअसल, जवानों की फरमाइशों की पर्चियां उनसे पहले ही शेयर की जा चुकी थीं और वो किसी भी कीमत पर शो मिस नहीं करना चाहते थे।’ सायरा ने आगे बताया, ‘दिलीप साहब मोहम्मद रफी की तबीयत ठीक होने की दुआ कर रहे थे। लोग उन्हें ब्रांडी पीने की सलाह दे रहे थे लेकिन रफी साहब शराब नहीं पीते थे इसलिए उन्होंने ये सलाह नहीं मानी।रफी साहब की बढ़ती परेशानी देखकर दिलीप साहब ने उन्हें अदरक और शहद का काढ़ा पीने के लिए दिया। गले का इंफेक्शन ठीक करने का ये नुस्खा दिलीप कुमार ने अपनी मां से सीखा था। अगली सुबह काढ़ा पीकर जब रफी साहब उठे तो उनका गला ठीक हो गया। रफी साहब खुशी से चहक उठे और दिलीप साहब ने राहत की सांस ली। इसके बाद उन्होंने जवानों के लिए एक से बढ़कर एक गाने गाए।’