‘अनुराग उस वक्त ईमानदार आदमी थे, अब नहीं पता’:पियूष मिश्रा बोले, ‘गुलाल’ में अनुराग कश्यप की मदद के लिए सभी ने फीस घटाई थी

हाल ही में पियूष मिश्रा ने अनुराग कश्यप की फिल्म ‘गुलाल’ में कम पैसों में काम करने की बात शेयर की। एक इंटरव्यू में पियूष ने बताया कि इस फिल्म के दौरान सभी ने अपनी फीस काफी कम कर दी थी। इसका मकसद अनुराग की मदद करना था। उस समय अनुराग की फिल्में ‘पांच’ और ‘ब्लैक फ्राइडे’ रुक गई थीं। पियूष ने बताया कि उन्होंने ‘गुलाल’ में संगीत, गायन, गीत लिखने, एक्टिंग और डायलॉग के लिए कुल 2 लाख रुपये लिए थे। दैनिक जागरण को दिए इंटरव्यू में पियूष ने कहा, ‘जिस तरह का आदमी था वो, सबका लाडला था। अब कैसा है मुझे मालूम नहीं, लेकिन उस वक्त तो बहुत ही ईमानदार आदमी था।’ पिछले साल लल्लनटॉप को दिए एक इंटरव्यू में पियूष ने कहा कि उनके और अनुराग के विचार नहीं मिलते हैं। उन्होंने बताया, ‘हम कुछ सालों बाद मिलते हैं, लेकिन 15 मिनट बाद बात करने के लिए कुछ नहीं बचता। हम कॉफी और सिगरेट पीते हैं और हमारी बातचीत खत्म हो जाती है। हमारे राजनीतिक और नैतिक विचार नहीं मिलते हैं। हालांकि, हमारे इमोशनल विचार एक जैसे हैं। वो मेरे गले में फंसी हड्डी की तरह है। न निगल सकता हूं, न उगल सकता हूं। यही हमारा रिश्ता है। मैं उनके साथ ज्यादा देर नहीं बैठ सकता हूं। हमारे पास बात करने के लिए कुछ नहीं होता है। वो फिल्मों के दीवाने हैं और मैं फिल्में नहीं देखता हूं। मैं उनसे क्या बात करूं?’ आपसी मतभेदों के बावजूद, पियूष और अनुराग ने ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ सीरीज में साथ काम किया था। पिछले साल अनुराग ने पियूष की ऑटोबायोग्राफी का लॉन्च भी किया था।