हरियाणा के सिरसा शहर की एक महिला से 65 लाख रुपए की ठगी के मामले में साइबर थाना सिरसा पुलिस ने दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गुरुवार को आरोपियों को कोर्ट ने 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पल्लवी राणा निवासी संत नगर बुराड़ी दिल्ली और संजीव उर्फ संजू निवासी अंबेडकर कॉलोनी नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस घटना के सात आरोपियों को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन सिरसा पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस घटना के अब तक कुल 9 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। विक्रांत भूषण ने बताया कि इस संबंध में 27 सितंबर 2023 को सिरसा साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में ठगी व धोखाधड़ी का अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि इस वारदात को सुलझाने के लिए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की विशेष टीम का गठन किया गया था। शहर सिरसा की एक महिला को बीमा पॉलिसी व बीमा राशि को शेयर मार्केट में लगाने के नाम पर बड़े मुनाफे का झांसा दिया गया था। ठगों ने महिला से करीब 65 लाख रुपए की ठगी की गई थी। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण कर कहना है कि इस मामले की जांच जारी है और जो भी व्यक्ति ठगी व धोखाधड़ी के इस नेटवर्क में लिप्त पाया गया उसके खिलाफ पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी।