केरल के वायनाड में 29-30 जुलाई की रात 2 बजे से 4 बजे के बीच लैंडस्लाइड की 4 घटनाएं हुई थीं। चार गांव बह गए थे। हादसे में अब तक मरने वालों की संख्या 313 हो चुकी है। 130 लोग अस्पताल में हैं, जबकि हादसे के चार दिन बाद भी 206 लोग लापता हैं। ज्योतिका, कार्थी और सूर्या ने की 50 लाख की मदद वायनाड में लैंडस्लाइड से हुई बर्बादी के बीच साउथ फिल्म इंडस्ट्री मदद को आगे आई है। कई साउथ स्टार्स ने मुख्यमंत्री राहत कोष में लाखों रुपए दान किए हैं। एक्ट्रेस ज्योतिका, कार्थी और सूर्या ने 50 लाख रूपए की आर्थिक मदद दी है। रश्मिका मंदाना ने 10 लाख रुपए दान किए हैं। वहीं मलयालम एक्टर फहाद फासिल ने पीड़ितों की मदद के लिए 25 लाख रूपए का दान दिया है। उन्होंने प्रेस रिलीज के जरिए इस बात की जानकारी देते हुए कहा, हमने लैंडस्लाइड पीड़ितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 25 लाख रुपए का दान दिया है। इस मुश्किल समय में हम इस आपदा से जूझ रहे लोगों के साथ हैं। हम साथ में इस मुसीबत का सामना करेंगे। फहाद के अलावा ‘पोंन्नियन सेल्वन पार्ट 1’ और ‘रावण’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके तमिल स्टार विक्रम ने 20 लाख रुपए दान किए हैं। उनके मैनेजर ने इस बात की जानकारी देते हुए ट्वीट में लिखा, विक्रम केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड से हुई बर्बादी से काफी दुखी हैं। पीड़ितों की मदद के लिए विक्रम ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपना योगदान दे दिया है। ममूटी का ट्रस्ट कर रहा है पीड़ितों की मदद मलयालम एक्टर ममूटी और उनके बेटे दुलकर सलमान ने रिलीफ फंड में 35 लाख का दान दिया है।ममूटी ने इस बारे में प्रेस से बात करते हुए कहा कि उन्होंने राहत कोष में छोटा सा सहयोग दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ममूटी का चैरिटेबल ट्रस्ट भी पीड़ितों की मदद में लगा हुआ है और उन्हें रोजमर्रा के जरुरी सामान उपलब्ध करवा रहा है। इनमें फूड आइटम्स, दवाइयां, कपड़े शामिल हैं।