अयोध्या गैंगरेप केस में योगी सरकार एक्शन में है। शनिवार को आरोपी सपा नेता मोईद खान की बेकरी को बुलडोजर से ढहा दिया। बेकरी तालाब की जमीन पर 3000 हजार स्क्वायर फीट में बनी थी। बेकरी के अलावा सपा नेता की 4 और प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलेगा। इसमें सपा नेता का घर भी शामिल है। इधर, योगी सरकार में मंत्री संजय निषाद सुबह पीड़ित बच्ची से मिलने अस्पताल पहुंचे। बाहर निकलकर वह फूट-फूटकर रोए। वहीं, पुलिस ने 2 और सपा नेताओं समेत 3 पर FIR दर्ज की। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में भदरसा नगर पंचायत के चेयरमैन मोहम्मद राशिद, सपा नेता जय सिंह राणा और एक अन्य है। पुलिस का कहना है- तीनों अस्पताल में भर्ती बच्ची से मुलाकात के नाम पर पहुंचे थे। वहां परिवार से मामले में सुलह करने का दबाव बनाया। परिवार ने इनकार किया, तो भड़क गए। परिजनों को धमकाते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।