राइमा ने नानी सुचित्रा पर बायोपिक करने की इच्छा जताई:बोलीं- वे पब्लिक में कम दिखती थीं, मानती थीं कि पहचान सिर्फ फिल्मों से होनी चाहिए​​​​​​​

राइमा सेन ने अपनी नानी सुचित्रा सेन पर बायोपिक में एक्टिंग करने की इच्छा जताई है। एक्ट्रेस ने कहा कि उनकी कहानी को फिल्मों के जरिए लोगों तक पहुंचाना दिलचस्प होगा। पब्लिक में ज्यादा दिखना नहीं चाहती थीं दैनिक भास्कर से बातचीत के दौरान, राइमा सेन ने कहा, ‘मैं एक बायोपिक करना चाहती हूं, खासकर अपनी नानी सुचित्रा सेन पर। मेरी नानी ने अपनी पूरी जिंदगी अपने काम को समर्पित कर दी थी। उनके समय में, वे कभी भी पब्लिक में ज्यादा दिखना नहीं चाहती थीं। उनका मानना था कि जो भी ऑडियंस उन्हें फिल्म में देखे, वही उनकी पहचान होनी चाहिए। आज के समय में चीजें बदल गई हैं। लेकिन मेरी नानी ने इस सोच को अपने आखिरी दिनों तक बनाए रखा था।’ एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘मेरी नानी की कहानी में बहुत सारी अनसुनी बातें और स्ट्रगल हैं, जो लोगों को जाननी चाहिए। मुझे लगता है कि इन कहानियों को फिल्मों के जरिए दिखाना दिलचस्प होगा।’ सुचित्रा सेन बांग्ला सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री थीं। उन्होंने ‘सागरिका’ और ‘दर्शन’ जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया था। उनकी अदाकारी के लिए उन्हें कई पुरस्कार मिले थे। फिल्मों से रिटायरमेंट के बाद, उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को शांतिपूर्ण तरीके से बिताया था। दुनिया की नजरों से दूर हुईं सुचित्रा फिल्में छोड़ते ही सुचित्रा गायब हो गईं। उन्होंने खुद को एक छोटे से कमरे में बंद कर लिया जहां वो छोटे से बिस्तर पर सोती थीं। सुचित्रा के परिवार को भी उनसे मिलने की इजाजत नहीं थी। हद तो तब हुई जब उन्होंने कमरे से निकलना छोड़ दिया। सुचित्रा ने रामकृष्ण आश्रम के भरत महाराज से संपर्क कर अध्यात्म की राह पकड़ ली थी। सिर्फ एक बार नजर आईं सुचित्रा सुचित्रा को महज एक बार घर से बाहर तब देखा गया जब वो भरत महाराज के निधन पर नंगे पांव बेलूर मठ पहुंची थीं। सुचित्रा का नातिन राइमा सेन बताती हैं कि उनकी नानी कभी-कभी कमरे से बाहर आती थीं, लेकिन इस समय उनका तीन चौथाई चेहरा कपड़े से ढंका होता था। लंग इंफेक्शन के चलते 17 जनवरी 2014 को उनका निधन हो गया था। राइमा फिल्म ‘आलिया बसु गायब है’ में नजर आएंगी राइमा सेन की बात करें तो, इन दिनों वह अपनी आने वाली फिल्म ‘आलिया बासु गायब है’ के प्रमोशन में बिजी हैं। बता दें, इस फिल्म में सलीम दीवान भी हैं। इससे पहले, दोनों ने फिल्म ‘बॉलीवुड डायरी’ में साथ काम किया था। इस फिल्म के दौरान वे अच्छे दोस्त बन गए थे। बातचीत के दौरान, राइमा ने आगे कहा, ‘सलीम ने मुझसे इस स्क्रिप्ट के बारे में बात की और मुझे यह बहुत पसंद आई। यह एक क्रिस्प थ्रिलर थी, इसलिए मैंने तुरंत हामी भर दी। मैंने पहले कभी थ्रिलर नहीं की थी। इसलिए, यह मेरे लिए नया और चैलेंजिंग था। शूटिंग के दौरान मैंने पहली बार एक्शन सीक्वेंस किए। मैंने एक्शन सीन के लिए कोई तैयारी नहीं की थी। सेट पर मैं बहुत नैचुरल होती थी और आसानी से किरदार में ढल जाती थी।’