मशहूर फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने हाल ही में इंडियन फिल्मों की तुलना हॉलीवुड की बिग बजट फिल्मों से की है। उन्होंने बॉलीवुड फिल्ममेकर्स पर भड़कते हुए कहा है कि यहां फिल्ममेकर्स जनता को मूर्ख समझते हैं। साथ ही उन्होंने ओपनहाइमर की तुलना, आमिर खान और अमिताभ बच्चन स्टारर फिल्म ठग्स ऑफ हिंदोस्तान से की है। हाल ही में गलाटा प्लस को दिए एक इंटरव्यू में राम गोपाल वर्मा से पूछा गया था कि आखिर हॉलीवुड के फिल्ममेकर्स 70-80 साल की उम्र में भी इतनी बेहतरीन फिल्में कैसे बना लेते हैं। इस पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा, अगर आप स्कॉर्सेसी या क्लिंट ईस्टवुड जैसी फिल्मों की बात करें, तो वहां फिल्ममेकर्स बेहद दिलचस्प टॉपिक चुनते हैं। उनकी फिल्मों में उनका पर्सनल एटीट्यूड साफ झलकता है। आगे उन्होंने कहा, पहली बात तो ये है कि हम उस तरह की फिल्में नहीं बनाते, हमें लगता है कि हमारे दर्शक मूर्ख हैं। जिस तरह की फिल्में हॉलीवुड में बनती हैं वो बेंचमार्क हैं। इमेजिन करिए हमारा बेंचमार्क क्या है। हॉलीवुड के सभी लोगों ने मिलकर ओपनहाइमर बनाई है और यहां सभी बड़े सितारों ने मिलकर ठग्स ऑफ हिंदोस्तान बनाई। बताते चलें कि ठग्स ऑफ हिंदोस्तान में आमिर खान, अमिताभ बच्चन जैसे बड़े सितारे थे, हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई थी। रणबीर कपूर की रामायण पर बोले, ऐसी फिल्में खतरनाक इसी इंटरव्यू में राम गोपाल वर्मा ने माइथोलॉजिकल फिल्मों पर भी बात की है। उन्होंने कहा है कि पहले ऐसी कहानियां चलती थीं, लेकिन अब ऐसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो रही हैं। यहां फिल्ममेकर्स पौराणिक कथाओं पर फिल्म बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन लीगल पचड़ों में फंस जाते हैं। फिल्ममेकर्स कुछ अलग दिखाने की कोशिश करते हैं, लेकिन यहां इसका उल्टा असर होता है। हमारे देश में ऐसा नहीं हो सकता क्योंकि यहां लोग उन्हें पूजते हैं। कल्कि 2898 AD में किया कैमियो राम गोपाल वर्मा को आखिरी बार फिल्म कल्कि 2898 AD फिल्म में देखा गया है। उन्होंने फिल्म में प्रभास के दोस्त का कैमियो रोल किया था।