जोकोविच ने पहली बार जीता ओलिंपिक गोल्ड:अल्कारेज को हराया, गोल्डन-स्लैम पूरा करने वाले 5वें टेनिस खिलाड़ी; लक्ष्य का ब्रॉन्ज मेडल मैच कल

पेरिस ओलिंपिक के 8वें दिन के खेल जारी है। सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने टेनिस के मेंस सिंगल्स का गोल्ड मेडल जीत लिया है। उन्होंने स्पेन के कॉर्लोज अल्कारेज को हराया। गोल्ड जीतने के साथ ही वे गोल्डन स्लैम पूरा करने वाले दुनिया के 5वें टेनिस खिलाड़ी बन गए हैं। गोल्डन स्लैम यानी चारों ग्रैंड स्लैम (ऑस्ट्रेलियन ओपन, फ्रेंच ओपन, विंबलडन, यूएस ओपन) और ओलिंपिक गोल्ड जीतने वाला खिलाड़ी। जोकोविच से पहले स्टेफी ग्राफ, आंद्रे अगासी, राफेल नडाल और सेरेना विलियम्स गोल्डन स्लैम पूरा कर चुके हैं। ओलिंपिक में आज भारतीय हॉकी टीम ने ब्रिटेन को पेनल्टी शूटआउट में हराया और सेमीफाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टर फाइनल मैच के हीरो रहे गोलकीपर श्रीजेश। उन्होंने शूटआउट में 2 गोल बचाए और पूरे मैच में 11 पेनल्टी कॉर्नर रोके। सेमीफाइनल में भारतीय टीम का मुकाबला जर्मनी और स्पेन का मैच जीतने वाले से होगा। हॉकी के अलावा, शटलर लक्ष्य सेन बैडमिंटन के मेंस सिंगल्स का सेमीफाइनल मुकाबला हार गए। उन्हें डेनमार्क के एक्सेलसेन विक्टर ने 22-20, 21-14 से हराया। लक्ष्य अब कल ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलेंगे। बॉक्सिंग की विमेंस 75kg वेट कैटेगरी में भारतीय बॉक्सर लवलीना को भी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें चीन की ली किअन ने 4-1 से हराया। पेरिस ओलिंपिक में भारत ने अब तक 3 पदक जीते हैं। ये सभी पदक निशानेबाजी में आए हैं। ओलंपिक के इतिहास में यह पहली बार है, जब भारत ने निशानेबाजी में 3 पदक जीते हैं।