वायनाड लैंडस्लाइड में एक शख्स ने 16 परिजन खोए:इनमें से 4 की डेडबॉडी मिली, 12 अब भी लापता; व्यक्ति बोला- मेरे पास कुछ नहीं बचा

केरल के वायनाड में 29 जुलाई की आधी रात भारी बारिश के बाद हुए लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 365 पहुंच गई है। इनमें 30 बच्चे शामिल हैं। हादसे के सातवें दिन भी आज सोमवार (5 अगस्त) को सर्च ऑपरेशन जारी है। 206 लोग अब भी लापता हैं। इस लैंडस्लाइड में सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए हैं। इसमें वायनाड जिले के चूरलमाला में रहने वाले 42 वर्षीय मंसूर ने अपने परिवार के 16 सदस्यों को खो दिया। इनमें उसकी मां, पत्नी, दो बच्चे, बहन और उसकी भाभी के परिवार के 11 सदस्य शामिल थे। पीड़ित व्यक्ति ने कहा- मेरा परिवार, मेरा घर, सब कुछ चला गया
मीडिया एजेंसी पीटीआई से बातचीत में मंसूर ने बताया कि इस घटना में मेरा परिवार, मेरा घर, सब कुछ चला गया। मुझे अब तक चार शव मिले हैं, जिनमें मेरी पत्नी, बेटा, बहन और मेरी मां हैं। मुझे अब भी अपनी बेटी नहीं मिली है। घटना के समय मैं काम के लिए बाहर गया हुआ था। अब मेरे पास कुछ भी नहीं बचा है। मैं फिलहाल अपने भाई नासिर के साथ रह रहा हूं। लैंडस्लाइड वाली जगह से दूर रहने वाले​ मंसूर के भाई नासिर ने बताया कि घटना से पहले अधिकारियों की ओर से कोई चेतावनी नहीं दी गई थी। जब जलस्तर बढ़ रहा था, तो मैंने अपने भाई के परिवार को कहा कि वे मेरे घर आ जाएं। उन्होंने कहा कि वे सुरक्षित हैं, लेकिन इस त्रासदी में अब सब कुछ खत्म हो गया। इस बीच, जमीन के नीचे फंसे लोगों का पता लगाने के लिए सेना के नेतृत्व में रडार आधारित तलाशी अभियान शुरू हो गया है। घटनास्थल को मैप से समझें… सर्च ऑपरेशन के छठे दिन के अपडेट्स वायनाड की लाइफलाइन रही चलियार नदी में अब तक 205 शव मिले
केरल की चलियार नदी से शनिवार को रेस्क्यू टीमों ने 3 शव और 13 लोगों के शरीर के टुकड़े बरामद हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, अब तक चलियार नदी से कुल 205 शव मिल चुके हैं। इनमें 73 शव और 132 शरीर के टुकड़े हैं। 198 शवों का पोस्टमॉर्टम हो चुका है और 195 को वायनाड भेज दिया है। 30 जुलाई की लैंडस्लाइड के बाद चलियार नदी तबाही का प्रतीक बन गई है। इससे पहले 169 किमी लंबी नदी वायनाड, मलप्पुरम और कोझिकोड जिले के लोगों के लिए लाइफलाइन रही है। नेवी, पुलिस, फायर, रेस्क्यू और NDRF की टीमों का चलियार नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन की तस्वीरें… 5 साल पहले भी यहां लैंडस्लाइड से 17 मौतें हुई थीं
वायनाड के 4 गांव मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा में लैंडस्लाइड की घटना हुई है। 5 साल पहले 2019 में भी भारी बारिश की वजह से इन्हीं गांवों में लैंडस्लाइड हुई थी, जिसमें 17 लोगों की मौत हुई थी। 5 लोगों का आज तक पता नहीं चला। 52 घर तबाह हुए थे। वायनाड में लैंडस्लाइड की क्या वजह है
वायनाड, केरल के नॉर्थ-ईस्ट में है। यह केरल का एकमात्र पठारी इलाका है। यानी मिट्टी, पत्थर और उसके ऊपर उगे पेड़-पौधों के ऊंचे-नीचे टीलों वाला इलाका। जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की 2021 की रिपोर्ट के मुताबिक, केरल का 43% इलाका लैंडस्लाइड प्रभावित है। वायनाड की 51% जमीन पर पहाड़ी ढलाने हैं। यानी लैंडस्लाइड की संभावना बहुत ज्यादा बनी रहती है। वायनाड का पठार वेस्टर्न घाट में 700 से 2100 मीटर की ऊंचाई पर है। मानसून की अरब सागर वाली ब्रांच देश के वेस्टर्न घाट से टकराकर ऊपर उठती है, इसलिए इस इलाके में मानसून सीजन में बहुत ज्यादा बारिश होती है। वायनाड में काबिनी नदी है। इसकी सहायक नदी मनंतावडी ‘थोंडारमुडी’ चोटी से निकलती है। लैंडस्लाइड के कारण इसी नदी में बाढ़ आने से भारी नुकसान हुआ है। यह खबर भी पढ़ें… वायनाड लैंडस्लाइड, 4 दिन बाद बचाए गए 4 आदिवासी बच्चे:रेस्क्यू टीम ने हथेली में भरकर पानी पिलाया, शरीर से बांधकर पहाड़ से उतारा वायनाड लैंडस्लाइड के चौथे दिन शुक्रवार को एक अच्छी खबर आई। वन अधिकारियों ने 8 घंटे के ऑपरेशन में एक दूरदराज आदिवासी इलाके से 4 बच्चों समेत 6 लोगों का रेस्क्यू किया। बच्चे एक से चार साल के हैं। पनिया समुदाय का यह आदिवासी परिवार पहाड़ी की चोटी पर एक गुफा में फंसा था। पूरी खबर पढ़ें…