बांग्लादेश में हिंसा, 24 घंटे में 97 मौत:3 हफ्ते में 300 ने जान गंवाई, ट्रेन-इंटरनेट, फैक्ट्रियां बंद; PM हसीना के इस्तीफे की मांग

बांग्लादेश में आरक्षण के विरोध में शुरू हुआ आंदोलन और हिंसक हो गया है। रविवार को हजारों प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए। इस दौरान उनकी और पुलिस के बीच कई जगहों पर हिंसक झड़पें हुईं। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक रविवार को 97 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही 500 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। सरकार ने हिंसा पर काबू करने के लिए देशभर में कर्फ्यू लगा दिया है। साथ ही अगले 3 दिनों के लिए छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। प्रदर्शनकारियों ने आज ‘मार्च टू ढाका’ की योजना बनाई है। उन्होंने आम जनता से सोमवार को ढाका लांग मार्च में शामिल होने की अपील की है। इसके साथ ही देशभर में सभी अदालतों को अनिश्चितकाल तक के लिए बंद कर दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश में कहा गया है कि बंदी के दौरान बहुत जरूरी मामलों में ही सुनवाई की जाएगी। इसके लिए चीफ जस्टिस इमरजेंसी बेंच का गठन करेंगे। बढ़ती हिंसा के बीच बांग्लादेश में सोमवार को इंटरनेट पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इसके अलावा रेलवे ने सभी सेवाएं अगले आदेश तक के लिए बंद कर दी हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार देश में कपड़ा फैक्ट्रियों को भी अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है। बांग्लादेश में हुई हिंसा से जुड़ी कुछ तस्वीरें…
शेख हसीना की पार्टी के नेताओं की मॉब लिंचिंग
इसके अलावा आंदोलनकारियों ने नरसिंगडी जिले में पीएम हसीना की पार्टी अवामी लीग के 6 कार्यकर्ताओं को मॉब लिंचिंग कर मार डाला। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोपहर में प्रदर्शनकारियों ने जुलूस निकाला था जिससे अवामी लीग के कार्यकर्ता नाराज हो गए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की, जिसमें 4 लोग घायल हो गए। इससे नाराज होकर प्रदर्शनकारियों ने पलटवार किया। अवामी लीग के कार्यकर्ता डर कर एक मस्जिद में छिप गए, जहां से निकाल कर उनकी पिटाई की गई जिसमें 6 कार्यकर्ता मारे गए। दो न्यजपेपर ऑफिस पर भी हमला
प्रदर्शनकारियों ने रविवार शाम ढाका में दो न्यूजपेपर के ऑफिस पर हमला कर दिया। अंग्रेजी अखबार द डेली स्टार के ऑफिस में घुसकर प्रदर्शनकारियों ने कांच के दरवाजे और पैनल तोड़ डाले। कुछ ही देर बाद बांग्ला अखबर रूपंतोर समाचार पर प्रदर्शनकारियों ने हमला कर दिया। यहां भी उन्होंने तोड़फोड़ की। हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। दोबारा हिंसा शुरू कैसे हुई
पिछले महीने विरोध प्रदर्शन को लीड कर रहे 6 लोगों को डिटेक्टिव ब्रांच ने सेफ रखने के नाम पर 6 दिनों तक बंधक बनाकर रखा था। इनमें से नाहिद इस्लाम, आसिफ महमूद और अबू बकर मजूमदार घायल थे और अस्पतालों में इलाज करा रहे थे। उन्हें वहां से उठा लिया गया। इन सभी से आंदोलन को वापस लेने के लिए जबरदस्ती वीडियो बनवाया गया। जब ये कैद में थे तब गृहमंत्री ये दावा कर रहे थे कि इन्होंने अपनी मर्जी से आंदोलन को खत्म करने की बात कही है। जब मामला खुला तो प्रदर्शनकारियों का गुस्सा और भड़क गया। आंदोलनकारियों ने वार्ता का प्रस्ताव ठुकराया, बोले- अब सड़कों पर ही फैसला होगा
पीएम हसीना ने रविवार को सिक्योरिटी काउंसिल की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनकारी वार्ता की टेबल पर आएं। विपक्ष आंदोलन की आड़ में हिंसा कर रहा है। इस बीच, भेदभाव विरोधी छात्र आंदोलन के कॉर्डिनेटर नाहिद इस्लाम ने ऐलान किया कि मंगलवार को प्रस्तावित ढाका मार्च अब सोमवार को होगा। उन्होंने कहा, अब सड़कों पर ही फैसला होगा। छात्र आंदोलन का सबसे बड़ा चेहरा बन चुके नाहिद इस्लाम ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे सरकार गिरने तक शाहबाग में अपना प्रदर्शन जारी रखें। इस्लाम ने रविवार शाम कहा कि छात्र किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। हमने आज लाठी उठाई है। अगर लाठी काम नहीं आई तो हम हथियार उठाने के लिए तैयार हैं। इस्लाम ने अवामी लीग को आतंकवादी बताया और कहा कि उन्हें सड़कों पर तैनात किया गया है। उसने कहा कि अवामी लीग देश को गृहयुद्ध में झोंकना चाहती है। अब शेख हसीना को तय करना है कि वो पद से हटेंगी या पद पर बनी रहने के लिए रक्तपात का सहारा लेंगी। इस्लाम ने कहा कि अगर मेरा किडनैप हो जाता है, हत्या हो जाती है या फिर मुझे गिरफ्तार कर लिया जाता है, और ऐसी स्थिति में कोई आंदोलन से जुड़ी घोषणा करने वाला नहीं रह जाता, तभी भी आप आंदोलन को जारी रखें। नाहिद इस्लाम बना आंदोलन का सबसे बड़ा चेहरा
इस्लाम ढाका यूनिवर्सिटी का स्टूडेंट है। उसने पुलिस पर आरोप लगाया कि 20 जुलाई की सुबह उन्होंने उसे उठा लिया था। हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया। इस्लाम के गायब होने के 24 घंटे बाद उसे एक पुल के नीच बेहोशी की हालत में पाया गया। उसने दावा किया कि उसे तब तक पीटा गया जब तक कि वह बेहोश नहीं हो गया। नाहिद से पहले उसके दोस्त आसिफ महमूद और अबू बकर को 19 जुलाई को उठा लिया गया था। इन्हें भी पीटा गया था और 25 जुलाई को आंखों पर पट्टी बांधे दूर-दराज इलाके में छोड़ दिया गया था। इसके बाद ये सभी अस्पताल में इलाज करा रहे थे। 26 जुलाई को इन सभी को अस्पताल से ही हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने दावा किया कि इनकी सेफ्टी को देखते हुए हिरासत में लिया गया है। इसके बाद इनसे आंदोलन खत्म करने को लेकर वीडियो बनवाया गया। छात्रों को पूर्व सैनिक अधिकारियों का साथ मिला
कुछ पूर्व सैन्य अधिकारियो का भी छात्र आंदोलन को समर्थन मिलने लगा है। डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व सेना प्रमुख जनरल इकबाल करीम भुइयां ने सेना को बैरकों में लौट जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस राजनीतिक संकट में सेना को नहीं पड़ना चाहिए। बांग्लादेशी-अमेरिकी राजनीतिक विश्लेषक शफकत रब्बी ने कहा कि शेख हसीना से वैसी ही गलती हुई है जैसी याह्या खान ने मार्च 1971 को ढाका में गोली चलवाके की थी। ऐसा लगता है कि इस बार भी वैसा ही होने जा रहा है। भारतीय उच्चायोग ने चेतावनी जारी की
बांग्लादेश में रह रहे भारतीयों और छात्रों के लिए भारतीय उच्चायोग ने एडवाइजरी जारी की है। भारतीय नागरिकों से भी बांग्लादेश न जाने की अपील की गई है। विदेश मंत्रालय ने रविवार देर रात एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि बांग्लादेश में चल रही हिंसा के चलते भारतीय नागरिक यात्रा करने से बचें। उच्चायोग की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए वहां मौजूद भारतीयों से सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। साथ ही उच्चायोग ने किसी भी प्रकार की सहायता या आपातकालीन स्थिति में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर +88-01313076402 जारी किया है। PM हसीना बोलीं- प्रदर्शन करने वाले छात्र नहीं आतंकवादी हैं
नेशनल कमेटी ऑन सिक्योरिटी अफेयर्स की बैठक में PM हसीना ने कहा है कि जो देश में प्रदर्शन कर रहे हैं वे छात्र नहीं बल्कि आतंकी हैं। मैं देशवासियों से अपील करती हूं कि वे इन आतंकियों को रोकने के लिए एकजुट हो जाएं। इस बैठक में हसीना के साथ बांग्लादेश की तीनों सेनाओं के चीफ, पुलिस चीफ और टॉप सिक्योरिटी अफसर शामिल हुए थे। शेख हसीना इसी साल जनवरी में लगातार चौथी बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री बनी हैं। हालांकि इस चुनाव का प्रमुख दल विपक्षी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने बहिष्कार किया था। BNP निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे की मांग कर रही थी। चुनाव नतीजे आने के बाद देशभर में हिंसा और प्रदर्शन शुरू हो गए थे। आरक्षण विरोधी हिंसा में पिछले महीने 200 से ज्यादा की मौत
पिछले महीने बांग्लादेश में सरकारी नौकरियों में आरक्षण खत्म करने को लेकर हिंसक प्रदर्शन हुए थे। इन प्रदर्शनों में 200 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। रविवार को लगभग 100 लोगों की मौत के बाद सिर्फ 3 सप्ताह में मारे गए लोगों की संख्या 300 के पार चली गई है। बांग्लादेश की सरकार ने 2018 में अलग-अलग कैटेगरी को मिलने वाला 56% आरक्षण खत्म कर दिया था, लेकिन इस साल 5 जून को वहां के हाईकोर्ट ने सरकार के फैसले को पलटते हुए दोबारा आरक्षण लागू कर दिया था। इसके बाद पूरे देश में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए थे। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने 21 जुलाई को हाईकोर्ट के फैसले में बदलाव करते हुए आरक्षण की सीमा 56% से घटाकर 7 प्रतिशत कर दी। इसमें से स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार वालों को 5% आरक्षण मिलेगा, जो पहले 30% था। बाकी 2% में एथनिक माइनॉरिटी, ट्रांसजेंडर और दिव्यांग शामिल होंगे। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 93% नौकरियां मेरिट के आधार पर मिलेंगी। ये खबरे भी पढ़ें… रावलपिंडी का हीरो टिक्का खान कैसे बना बंगाल का कसाई, रजाकारों की सेना बनाकर कराया बंगालियों का कत्लेआम, इनके जिक्र से फिर क्यों सुलगा बांग्लादेश “अगर स्वतंत्रता सेनानियों के बेटे-पोते को आरक्षण नहीं मिलेगा तो क्या रजाकारों के पोते-पोतियों को आरक्षण मिलेगा?” बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 14 जुलाई को दिए एक इंटरव्यू में ये बात कही। इसके बाद ढाका में चल रहा आरक्षण विरोधी प्रदर्शन हिंसक हो उठा। प्रदर्शनकारी छात्रों ने उस सरकारी टीवी चैनल में आग लगा दी, जिसे हसीना ने इंटरव्यू दिया था। ढाका यूनिवर्सिटी में ‘तूई के, आमी के रजाकार, रजाकार’ के नारे गूंजने लगे। पूरी खबर यहां पढ़ें… शेख हसीना लगातार चौथी बार बांग्लादेश की PM बनेंगी:अवामी लीग ने 300 में से 204 सीटें जीतीं; भारत, चीन और रूस ने दी बधाई बांग्लादेश की मौजूदा पीएम शेख हसीना (76) लगातार चौथी बार प्रधानमंत्री पद पर काबिज होने जा रही हैं। रविवार 7 जनवरी को हुए आम चुनाव में हसीना की पार्टी अवामी लीग ने संसद की 300 में से 204 सीटें जीत लीं। इस बार 299 सीटों पर वोटिंग हुई थी। वहीं, हसीना ने लगातार आठवीं बार चुनाव जीता। गोपालगंज-3 सीट से उन्होंने बांग्लादेश सुप्रीम पार्टी के कैंडिडेट एम निजामुद्दीन लश्कर को 2.49 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया। हसीना को 2 लाख 49 हजार 965 तो निजामुद्दीन को महज 469 वोट मिले। हसीना पहली बार 1986 में चुनाव जीती थीं। पूरी खबर यहां पढ़ें…