बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अपना देश छोड़ भारत पहुंच चुकी हैं। एक्ट्रेस और हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनोट ने कहा कि वे इस बात से सम्मानित हैं कि शेख हसीना भारत में सुरक्षित महसूस करती हैं। मुस्लिम देशों में कोई भी सुरक्षित नहीं है। कंगना रनोट ने अपने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- भारत हमारे आस-पास के सभी इस्लामिक गणराज्यों की मूल मातृभूमि है। हम सम्मानित और खुश हैं कि बांग्लादेश की प्रधानमंत्री भारत में सुरक्षित महसूस करती हैं। कंगना ने आगे लिखा- मुस्लिम देशों में कोई भी सुरक्षित नहीं है, यहां तक कि खुद मुसलमान भी नहीं। अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश और ब्रिटेन में जो कुछ भी हो रहा है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। हम भाग्यशाली हैं कि हम राम राज्य में रह रहे हैं। बता दें कि शेख हसीना ने हाल ही में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। उनकी सरकार के इस कदम के खिलाफ देश में कई महीनों तक हिंसक प्रदर्शन हुए थे। वे देश छोड़कर चली गईं और सोमवार को उन्हें सैन्य हेलीकॉप्टर से भारत ले जाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में कुछ समय तक रुकने के बाद लंदन जा सकती हैं।