देश का मानसून ट्रैकर:राजस्थान में बांध के पानी में बस बही; हिमाचल में 87 सड़कें ब्लॉक; 20 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट

देश के सभी हिस्सों में मानसून जमकर सक्रिय है। राजस्थान में पिछले दो दिन से तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। मंगलवार (6 अगस्त) सुबह टोंक में टोरडी सागर डैम ओवरफ्लो होने से रोडवेज की एक बस बांध के तेज बहाव में बह गई। ड्राइवर लापता है। यात्रियों को लेकर कोई जानकारी अभी नहीं मिली है। राजस्थान में भारी बारिश की आशंका के चलते आज 7 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए है। पिछले 36 घंटे में तेज बरसात के कारण 11 लोगों की मौत हुई है। पुष्कर सरोवर (अजमेर) ओवरफ्लो होने के कारण आसपास के होटल-घरों को खाली कराने के निर्देश दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश में बारिश से लैंडस्लाइड और बाढ़ के कारण 87 सड़कों को बंद किया गया है। राज्य में 6,7 और 8 अगस्त को बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। IMD ने आज 20 राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, गोवा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में यलो अलर्ट है। उत्तराखंड में 17 हजार का रेस्क्यू, पुणे में बाढ़, मिजोरम में 12 अगस्त तक अलर्ट उत्तराखंड: भारी बारिश के कारण लैंड स्लाइड और बाढ़ प्रभावित 17 हजार लोगों का रेस्क्यू किया गया है। इनमें केदारनाथ यात्रा में फंसे तीर्थयात्री भी शामिल हैं। अब प्रभावित इलाकों में क्षतिग्रस्त पुल, बिजली के खंबे और कम्युनिकेशन लाइनों को ठीक करने का काम जारी है। अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है, इनमें 2 की मौत यात्रा मार्ग पर हुई है। महाराष्ट्र: पुणे जिले में भी बाढ़ से हालात खराब हैं। खड़कवासला डैम से पानी छोड़े जाने के बाद मुथा नदी उफान है। इसके कारण एकता नगर में पानी भर गया है। यहां पर आर्मी, NDRF, नागरिक प्रशासन की टीमें तैनात हैं। लोगों को खाने-पीने की चीजें मुहैया कराई जा रही हैं। सीएम एकनाथ शिंदे भी हालात में नजर रखे हुए हैं। मिजोरम: मौसम विभाग ने मिजोरम में भी ​​​​​​12 अगस्त तक भारी बारिश अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। राज्य सरकार ने लोगों को सतर्क रहने का कहा है। इमरजेंसी में टोल फ्री नंबर 112/1070 पर संपर्क करने का कहा है। देशभर से बारिश की फोटोज… 7 अगस्त को 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दो राज्यों में 12 सेमी से ज्यादा बारिश राज्यों में मौसम की स्थिति… मध्य प्रदेश: भोपाल समेत 7 जिलों में 30 इंच से ज्यादा बारिश, एमपी में 24.4 इंच पानी गिरा, सीजन की 65% बारिश मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री से अब तक 45 दिन में औसत 24.4 इंच बारिश हो चुकी है, जो सीजन की 65% है। भोपाल, मंडला, सिवनी, नर्मदापुरम समेत 7 जिलों में 30 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है। राज्य में अगले एक सप्ताह भारी बारिश का दौर थमा रहेगा। प्रदेश से ऊपर मानसून ट्रफ के निकलने और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कमजोर होने से ऐसा होगा। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, पाली में बाढ़ जैसे हालात; सामान्य से 32% ज्यादा पानी गिरा राजस्थान में तेज बारिश का दौर जारी है। राज्य में अब तक औसत से 32% ज्यादा बारिश हो चुकी है। पिछले 24 घंटे के दौरान पाली में 8 इंच तक बरसात हुई, जिससे यहां बाढ़ जैसे हालात हो गए। मौसम विभाग ने मंगलवार (6 अगस्त) को चार जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आठ जिलों में यलो अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 3 दिनों तक अच्छी बारिश के आसार, आज 6 जिलों में भारी और 26 में हल्की बारिश की संभावना बिहार में मानसून एक्टिव है। अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इस दौरान लोगों से सावधान रहने की अपील की है। राज्य के 32 जिलों में मंगलवार (6 अगस्त) को बारिश का अलर्ट जारी है। इसमें 6 जिलों में भारी और 26 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: 17 जिलों में बारिश की चेतावनी, 2 दिन खराब रहेगा मौसम; अगस्त में 14% कम बरसे बादल पंजाब में मंगलवार (6 अगस्त) यानी आज से दो दिन अच्छी बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के राज्य में यलो अलर्ट रहने वाला है। हालांकि, पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर तक ही बारिश सीमित रहेगी। इस दौरान पंजाब के शहरों का औसतन तापमान 28 से 36.6 डिग्री के बीच रह सकता है। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़: आज 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, अब तक सामान्य से 11% ज्यादा बरसात छत्तीसगढ़ के 9 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार (6 अगस्त) को सरगुजा, जशपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, बेमेतरा जिले में एक-दो जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। राज्य में अब तक सामान्य से 11 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: कल से होगी मानसून की वापसी, अधिकांश जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 24 घंटे में 3 जिलों में बारिश हरियाणा में बुधवार (7 अगस्त) से मानसून की एक बार फिर वापसी हो सकती है। 6 अगस्त की शाम से ही मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने हरियाणा के अधिकांश जिलों में भारी बारिश अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में तीन जिले गुरुग्राम, महेंद्रगढ़ और पंचकूला में बादल छाए रहे। यहां 1 से 0.5 एमएम तक बारिश रिकॉर्ड की गई। पूरी खबर पढ़ें…