याह्या सिनवार हमास का नया चीफ:हानियेह के बाद सबसे ताकतवर; 8 साल से अंडरग्राउंड, आधी जिंदगी जेलों में गुजारी

फिलिस्तीनी उग्रवादी समूह हमास ने गाजा में अपने टॉप कमांडर याह्या सिनवार को नया नेता चुना है। हमास ने मंगलवार को एक बयान जारी करते हुए बताया कि सिनवार नए चीफ के तौर पर इस्माइल हानियेह की जगह लेगा। हानियेह के उलट, सिनवार गाजा में ही रहा। 2017 में जब उसे हमास नेता के रूप में पहचान मिली, तब से वह कभी भी सामने नहीं आया, लेकिन हमास पर उसकी मजबूत पकड़ थी। 1 जुलाई को तेहरान में हानियेह के ठिकाने पर मिसाइल से हमला किया गया था। इसमें हानियेह और उसके एक बॉडीगार्ड की मौत हो गई थी। इस बात की पुष्टि इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने की थी। हानियेह की अगुआई में ही हमास ने पिछले साल 7 अक्टूबर को इजराइल पर 75 सालों का सबसे बड़ा हमला किया था। इसमें 1,200 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। जबकि सिनवार इसका मास्टरमाइंड था। 61 साल के सिनवार की आधी जिंदगी जेलों में गुजरी
दो इजरायली सैनिकों और चार फिलिस्तीनियों का अपहरण और उनकी हत्या करने के आरोप में सिनवार को 1989 में गिरफ्तार किया गया था। उन पर मुकदमा चला। बाद में उन्हें चार आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। हालांकि 2011 में इजराइली सैनिक गिलाद शालिट के बदले में 1000 से ज्यादा कैदियों की अदला-बदली के दौरान सिनवार को भी रिहा कर दिया गया था। तब तक सिनवार करीब 22 साल जेल में बिता चुका था।