10 साल में 387 से बढ़कर 731 हुए मेडिकल कॉलेज:MBBS सीटें भी 51 हजार से बढ़कर 1.1 लाख हुईं; हेल्‍थ मिनिस्‍टर ने दी जानकारी

केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को लोकसभा में जानकारी दी कि 2014 के बाद से देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। उन्‍होंने कहा कि देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बीते 10 सालों में 387 से बढ़कर 731 हो गई है। इसके अलावा, देश में अंडरग्रेजुएट मेडिकल सीटें भी 51,348 से बढ़कर 1.12 लाख हो गई हैं। NDA सरकार के दौरान UG सीटों में 118% और PG सीटों में 133% की वृद्धि हुई है। 2024-25 के लिए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत अनुदान की मांगों पर चर्चा के दौरान मंत्री ने कहा, ‘देश में 2014 तक 387 मेडिकल कॉलेज थे। अब यह संख्या 731 हो गई है। इसके अलावा, UG मेडिकल सीटें भी 51,348 से बढ़कर 1.12 लाख हो गई हैं, जो 118% की वृद्धि को दर्शाता है, जबकि PG सीटों में 133% की वृद्धि हुई है।’ स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री बोले- मोदी सरकार ने 10 सालों में 22 नए AIIMS शुरू किए
लोगों के स्वास्थ्य को नरेंद्र मोदी सरकार की प्राथमिकता बताते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने दावा किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत में दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना चलाई जा रही है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने कहा, ‘साल 2013-14 में स्वास्थ्य बजट 33,278 करोड़ रुपए था। आज उस बजट को बढ़ाकर 90,958 करोड़ रुपए कर दिया गया है। पहली NDA सरकार (अटल बिहारी वाजपेयी सरकार) से पहले देश में सिर्फ एक AIIMS था। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान छह AIIMS खोले गए।’ उन्‍होंने आगे कहा, ‘मोदी सरकार के पिछले 10 वर्षों में 22 AIIMS स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 18 चालू हैं और 4 निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा, आयुष्मान भारत योजना के तहत करीब 12 करोड़ परिवारों यानी 55 करोड़ से ज्यादा लोगों को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई है। करीब 1.73 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं। मुफ्त दवाइयां और जांच समेत अन्य स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं देने वाली इस योजना ने देश में आउट-ऑफ-पॉकेट खर्च को 62 फीसदी से घटाकर 47.1 फीसदी कर दिया है।’