भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर और टोक्यो ओलिंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलिंपिक के फाइनल राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है। अगर वे यहां भी गोल्ड जीत जाते हैं तो वे लगातार दो ओलिंपिक में गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय बन सकते हैं। नीरज चोपड़ा न केवल अपने हुनर के लिए, पर साथ ही अपनी फिटनेस के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है। जैवलिन खेलने से पहले बचपन में उनका वजन बहुत ज्यादा हुआ करता था। उन्होंने फिट रहने के लिए बहुत मेहनत की और आज वे सबसे फिट एथलीट्स में से एक हैं। बता दें कि एक जैवलिन एथलीट के लिए शरीर में आइडियल फैट होना जरूरी है। इसकी स्टैंडर्ड रेंज 10-10.5% होती है। नीरज चोपड़ा भी अपने शरीर में फैट को 10% तक बनाए रखने की कोशिश करते हैं, जिसके लिए वे हर दिन एक डिसिप्लिन डाइट फॉलो करते हैं। वे अपनी डाइट को बहुत ही साधारण रखने की कोशिश करते हैं। वे न्यूट्रिशन से भरा ब्रेकफास्ट लेते हैं, जो उनकी ट्रेनिंग के लिए काफी जरूरी है। लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि वे कभी-कभार चीट डाइट नहीं लेते। नीरज चोपड़ा को बहुत पसंद हैं चूरमा, मिठाई और गोलगप्पे नीरज चोपड़ा भी अपने डाइट प्लान से हटकर कभी-कभार चूरमा, मिठाई और गोलगप्पे खा लेते हैं। लेकिन फिर इस फैट को बर्न करने के लिए वे भारी वर्कआउट भी करते हैं। एक इंटरव्यू में नीरज चोपड़ा ने बताया कि उनको चूरमा बहुत पसंद है और वे 4000-5000 तक कैलोरी लेते हैं। लेकिन इसको बर्न करने के लिए वे 7-8 घंटे वर्कआउट भी करते हैं। आपको जानकर हैरानी होगी की 100g चूरमे में 332 किलो कैलोरी होती है। आप और हम एथलीट तो नहीं हैं, लेकिन अगर अपना सामान्य बॉडी वेट भी मेन्टेन रखना चाहते हैं और मोटे नहीं होना चाहते तो पता है 100 ग्राम चूरमा खाने के बाद हमें कितना वर्कआउट करना पड़ेगा। नीचे ग्राफिक में देखिए– समझें कैलोरी का मीटर क्या आप जानते हैं कि आप रोज कितनी कैलोरी खाते हैं। जाने-अनजाने में हम हर रोज लगभग 1000-3000 तक कैलोरी खा लेते हैं। चाहे आप वजन कम करने, वजन बढ़ाने या अपना वजन बनाए रखने की कोशिश कर रहे हों, आपके शरीर को कितनी कैलोरी की जरूरत है, इसकी बुनियादी समझ जरूरी है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के मुताबिक, औसतन एक महिला को अपना वजन बनाए रखने के लिए प्रतिदिन 2,000 कैलोरी खानी चाहिए और पुरुष को प्रतिदिन 2500 कैलोरी खानी चाहिए। यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर (USDA) के मुताबिक पुरुषों और महिलाओं के लिए स्टैंडर्ड कैलोरी की रेंज उम्र, जेंडर और बॉली-बिल्ड और प्रोफेशन पर निर्भर करती है। कैलोरी कम करने के लिए आप कुछ व्यायाम जैसे दौड़ना, साइकिल चलाना, तैरना, पैदल चलना आदि कर सकते हैं। तो आज ‘जरूरत की खबर’ में हम बात करेंगे कि ज्यादा कैलोरी वाले खाने को पचने में कितना समय लगता है और आप उस कैलोरी को कैसे बर्न कर सकते हैं। समोसे में सिर्फ आलू नहीं, ढेर सारी कैलोरी भी अगर वजन कम करना आपका लक्ष्य है तो धैर्य रखना बहुत जरूरी है। हालांकि, आपके लिए शुरुआत में यह जान पाना मुश्किल हो सकता है कि कहां सुधार करना है। लेकिन अगर आप खाने की कैलोरी के बारे में जान जाएं तो वजन कम कर सकते हैं। हम सभी को फास्ट फूड बहुत अच्छा लगता है जैसे पिज्जा, बर्गर, समोसा। लेकिन क्या आपको मालूम है कि सिर्फ एक समोसा खाने से ही हम 200 से ज्यादा कैलोरी खा लेते हैं। और इस फैट को बर्न करने के लिए हमें कितनी मेहनत करने की जरूरत होती है। सेहत के लिए ‘तीखी’ है मिठाई, इसमें 200 कैलोरी हर खुशी के मौके पर हम मुंह मीठा करते हैं। इस मिठाई का एक पीस हमें खुशी तो देता है, लेकिन हमारी सेहत पर भी उतना ही असर डालता है। वहीं कुछ लोगों का रोज का लंच और डिनर बिना मिठाई के पूरा ही नहीं होता है। यह जानकार आप हैरान होंगे कि हर रोज आप एक मिठाई खाकर 200 कैलोरी ले रहे होते हैं। और जैसे-जैसे इसकी गिनती बढ़ती है, उतना ही फैट हमारे अंदर भी बढ़ रहा होता है। नीचे ग्राफिक में देखें कि एक मिठाई से मिले फैट को बर्न करने के लिए हमें कितनी एक्सरसाइज करनी होती है- एक चॉकलेट की कैलोरी को बर्न करने में लगते 20 मिनट मिठाई के जैसे ही एक चॉकलेट बार में भी उतना ही फैट होता है। जो इसके शौकीन हैं और दिन में कम से कम 2-3 चॉकलेट खाते हैं, उन्हें ये जानना जरूरी है कि वे कितनी कैलोरी ले रहे हैं। चॉकलेट में मिल रहे फैट को कैसे कम किया जाए, देखें ये ग्राफिक- पिज्जा की एक स्लाइज में 266 कैरोली, पूरे पिज्जा में 1064 कैलोरी पिज्जा, मानो यह तो जैसे लोगों का ‘संडे मील’ बन गया हो। खासकर युवाओं का यह सबसे फेवरेट फूड है। कुछ लोग इसे रोज भी खा सकते हैं। USAD की रिपोर्ट बताती है कि सिर्फ एक स्लाइज पिज्जा में ही 266 कैलोरी होती हैं। तो सोचिए जो हर दिन या हर हफ्ते इसे खा रहे हैं, वो कितनी कैलोरी अपने शरीर में ले रहे होंगे। हर दिन की कैलोरी का रखें रिकॉर्ड, वजन कंट्रोल करने में मिलेगी मदद एक हफ्ते के लिए अपनी कैलोरी ऑनलाइन या कागज पर रिकॉर्ड करें। आप जो कुछ भी खाते-पीते हैं, उसका रिकॉर्ड रखने से आपको वजन कंट्रोल करने में मदद मिलेगी।