अमित शाह बोले- बीजेपी 25 साल और सत्ता में रहेगी:पार्टी की जड़ें-संगठन दोनों बहुत मजबूत; 1 सितंबर से सदस्यता अभियान शुरू होगा

भाजपा मुख्यालय में शनिवार (17 अगस्त) को पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष​​​​​​, महासचिव और प्रभारी पहुंचे थे। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्‌डा और गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए। बैठक में शाह ने कहा, ’35 साल तक BJP को कोई हिला नहीं सकता। BJP 25 साल तक सत्ता में रहेगी, क्योंकि पार्टी की जड़ें और संगठन दोनों बहुत मजबूत हैं। BJP जहां सत्ता में आती है, वहां से जाती नहीं और कांग्रेस जहां सत्ता में आती है, वहां फिर आती नहीं।’ पार्टी प्रवक्ता सांसद संबित पात्रा ने बताया कि बैठक राष्ट्रीय सदस्यता अभियान की तैयारियों को लेकर थी। इसमें राष्ट्रीय टोली और प्रदेश टोलियों की घोषणा की गई। विनोद तावड़े को अभियान का संयोजक बनाया गया है। पार्टी का लक्ष्य 10 करोड़ से ज्यादा सदस्यों को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सदस्यता अभियान दो चरणों में पूरा होगा। इसका पहला चरण 1 सितंबर से शुरू होगा। जिन राज्यों में चुनाव होने हैं, वे इस अभियान में शामिल नहीं हैं। वहां चुनाव के बाद अभियान चलाया जाएगा। पार्टी के नए अध्यक्ष को लेकर भी हो रही है चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर भी चर्चा चल रही है। जेपी नड्डा जून 2019 में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बने थे। इसके बाद 20 जनवरी 2020 को पूर्णकालिक अध्यक्ष बनाए गए। फरवरी 2024 में उनका कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ाया गया था। लोकसभा चुनाव के बाद मोदी सरकार 3.0 में उन्हें स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया। भाजपा में एक व्यक्ति एक पद का नियम है, इसलिए नड्‌डा का अध्यक्ष पद छोड़ना तय है। भाजपा अध्यक्ष को लेकर 2 विकल्पों पर चर्चा
हाल ही में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के घर पार्टी अध्यक्ष को लेकर भाजपा और RSS नेताओं की बैठक हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, नए अध्यक्ष को लेकर दो बातों पर चर्चा हुई। पहला- जल्द ही कोई कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाए, उसे ही बाद में अध्यक्ष का जिम्मा मिले। दूसरा- महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड के विधानसभा चुनावों के बाद नए कार्यकारी अध्यक्ष की घोषणा हो। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए सदस्यता अभियान प्रभारी नियुक्त
भाजपा ने शनिवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए सदस्यता अभियान प्रभारी नियुक्त किए हैं। सूत्रों के अनुसार, पार्टी महासचिव दुष्यंत गौतम को पश्चिम बंगाल, सिक्किम, त्रिपुरा और ओडिशा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, लद्दाख और चंडीगढ़ में सदस्यता अभियान का काम देखेंगी। डी पुरंदेश्वरी को केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु जबकि अरविंद मेनन को अंडमान और निकोबार, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और तेलंगाना का प्रभार दिया गया है। राजदीप रॉय- अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम और नागालैंड का काम देखेंगे। विजया रहाटकर को छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के अलावा ऋतुराज सिन्हा को उत्तर प्रदेश और गुजरात के सदस्यता अभियान के प्रभारी होंगे। गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग उत्तराखंड और बिहार के प्रभारी होंगे। कश्मीर में टिकट को लेकर भाजपा का प्लान
चर्चा है कि भाजपा इस बार गैर राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाले 25-40 आयु वर्ग के युवाओं को प्रत्याशी बनाएगी। पार्टी संभावित उम्मीदवारों के चयन को लेकर विधानसभा के हिसाब से प्रभारी नियुक्त करने पर विचार कर रही है। विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के एक अनुभवी नेता को प्रत्याशियों का पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इनका काम यह होगा कि वह संबंधित विधानसभा से दो-तीन ऐसे युवा उम्मीदवारों की लिस्ट तैयार करें, जिनकी सियासी विरासत नहीं हो। खेलकूद, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य में शामिल लोगों पर पार्टी की निगाह होगी। घाटी में ऐसे लोगों की सूची पार्टी ने तैयार की है, जिन्हें न सिर्फ केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ मिला है, बल्कि उन्होंने दूसरे लोगों को भी इन योजनाओं से जोड़ने में बड़ी भूमिका निभाई है। ये खबर भी पढ़ें… हरियाणा में 1 अक्टूबर को चुनाव, 4 अक्टूबर को रिजल्ट; महाराष्ट्र में त्योहारों के बाद चुनाव, झारखंड का जिक्र नहीं जम्मू-कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों पर 3 फेज में 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। हरियाणा की सभी 90 सीटों पर सिंगल फेज में 1 अक्टूबर को वोटिंग होगी। दोनों राज्यों के नतीजे 4 अक्टूबर को आएंगे। CEC राजीव कुमार बोले- त्योहार की वजह से महाराष्ट्र में चुनाव बाद में होंगे। पढ़ें पूरी खबर…