खान को अच्छा एक्टर नहीं मानती कंगना:बोलीं- उनके साथ काम करके सफल नहीं हो सकते, उन्हें डायरेक्ट करना चाहूंगी, जहां वे एक्टिंग कर सके

एक्ट्रेस से पॉलिटिशियन बनीं कंगना रनोट अक्सर अपने बेबाक बयानों के कारण सुर्खियों में बनी रहती हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान कंगना ने फीमेल एक्ट्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कोई भी खान, कुमार या कपूर आपको सफल नहीं बना सकता है। वहीं, फिल्म ‘इमरजेंसी’ के ट्रेलर लांच के दौरान कंगना ने तीनों खान के साथ काम करने की इच्छा जताते हुए कहा था कि उन्हें लेकर फिल्म प्रोड्यूस और डायरेक्ट करना चाहती हैं, जहां वे एक्टिंग कर सकते हैं। कंगना रनोट इन दिनों फिल्म ‘इमरजेंसी’ के प्रमोशन में बिजी हैं। इस फिल्म में एक्ट्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार किरदार निभाया है। इस फिल्म को कंगना ने प्रोड्यूस और डायरेक्ट भी की है। राज शमनी के साथ बातचीत के दौरान कंगना रनोट ने कहा- मैंने बॉलीवुड के खान के साथ फिल्में करने से मना कर दिया था। क्योंकि उनकी फिल्मों में हीरोइनों के करने लायक कुछ नहीं होता है। बॉलीवुड की फीमेल एक्ट्रेस पर तंज कसते कंगना ने कहा- कोई भी खान, कुमार या कपूर आपको सफल नहीं बना सकता। मैंने बॉलीवुड के खान, रणबीर कपूर और अक्षय कुमार की फिल्मों के लिए मना कर दिया। क्योंकि मेरा मानना है कि इनके साथ काम करके आप सफल नहीं हो सकते हैं। सभी खान के साथ मेरे अच्छे संबंध रहे हैं। हालांकि कुछ लोगों ने मेरे साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया है। लेकिन उनमें से खान नहीं थे। बता दें कि फिल्म ‘इमरजेंसी’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कंगना ने बॉलीवुड के तीनों खान के साथ काम करने की इच्छा जताई थी। एक्ट्रेस ने कहा था- मैं तीनों खान को लेकर फिल्में प्रोड्यूस और डायरेक्ट करना चाहती हूं। उनके टैलेंट को दिखाने की कोशिश करूंगी। जहां वे एक्टिंग कर सकते हैं और अच्छे दिख सकते हैं। वे कुछ ऐसा कर सकते हैं, जो समाज के लिए बहुत महत्वपूर्ण हो। जिसे आज तक किसी ने नहीं किया।