रिलेशनशिप- पति-पत्नी के बीच उम्र का कितना फासला होना चाहिए:उम्र में 10 साल से ज्यादा का फर्क हो तो कंपैटिबिलिटी पर पड़ता असर

आपने जगजीत सिंह की वो गजल तो सुनी ही होगी- न उम्र की सीमा हो, न जन्म का हो बंधन। जन्मों के बंधन को लेकर तो दावा नहीं किया जा सकता, लेकिन क्या वाकई रिश्ते में उम्र की कोई सीमा नहीं होती? इसका जवाब ‘हां’ भी है और ‘नहीं’ भी। अगर यह सवाल प्यार करने की उम्र के बारे में पूछा जाए तो जवाब निश्चित रूप से ‘हां’ होगा क्योंकि प्यार करने की उम्र की कोई सीमा नहीं होती। नजर उठाकर देखें तो चारों ओर बूढ़े शरीर में जवां दिल वाले लोग दिख जाएंगे। लेकिन अगर यह सवाल दो पार्टनर्स की उम्र के अंतर को लेकर उठा हो तो यहां सीमा सख्त हो जाती है। ऑस्ट्रेलिया की डीकन यूनिवर्सिटी की नई रिसर्च बताती है कि अगर दो पार्टनर्स की उम्र में ज्यादा फासला हुआ तो रिश्ते पर इसका नकारात्मक असर हो सकता है। इसलिए आज रिलेशनशिप कॉलम में रिश्ते में उम्र की सीमा और दो पार्टनर्स के बीच उम्र के सही फासले पर बात करेंगे। रिश्ते के मामले में उम्र सिर्फ नंबर नहीं है अंग्रेजी में एक कहावत है- ‘एज इज ज ए नंबर,’ यानी उम्र सिर्फ एक आंकड़ा भर है। कुछ नया सीखना या करना हो तो यह बात बिल्कुल सही साबित होती है। लेकिन अगर कोई इस फिलॉसफी का इस्तेमाल रिश्ते में करता है तो उसे इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ सकता है क्योंकि रिश्ते के मामले में एज सिर्फ नंबर नहीं है। इसका सीधा असर रिश्ते के वर्तमान और भविष्य पर पड़ता है। ऑस्ट्रेलिया की डीकन यूनिवर्सिटी की एक रिपोर्ट बताती है कि रोमांटिक या वैवाहिक रिश्ते में पार्टनर्स की उम्र का अंतर आगे चलकर उनकी सोच, लाइफस्टाइल, लक्ष्य और जिम्मेदारियों में भी अंतर की वजह बनता है। जिसकी वजह से पार्टनर्स के बीच कॉमन चीजें कम होने लगती हैं। जबकि कोई भी रिश्ता दो लोगों के बीच कुछ कॉमन बातों पर ही टिका होता है। ऐसी स्थिति में पार्टनर्स की उम्र का अंतर रिश्ते को कमजोर कर देता है। दो पार्टनर्स की उम्र में ज्यादा फासला होने से रिश्ते पर कई निगेटिव असर हो सकते हैं- पार्टनर्स की उम्र का अंतर रिश्ते में टूट की गारंटी नहीं यहां इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि हर रिश्ता अलग होता है और उम्र के अंतर से रिश्ते पर निगेटिव असर होना जरूरी नहीं है। अगर दोनों पार्टनर्स एक दूसरे के प्रति समझदारी और सम्मान के साथ व्यवहार करते हैं तो रिश्ता सफल भी हो सकता है। यह भी जरूरी नहीं कि दो पार्टनर्स की उम्र में अंतर हो तो उनका रिश्ता टूट ही जाएगा। यहां रिश्ते में उम्र की वजह से आने वाली चुनौतियों की बात की गई है। अगर दो पार्टनर्स इन चुनौतियों पर प्रॉपर ध्यान दें तो उम्र में पर्याप्त अंतर होने के बावजूद उनका रिश्ता सुखद हो सकता है। रिश्ते में पार्टनर्स की उम्र का सही फासला कितना है रिश्ते में पार्टनर्स की सही उम्र का अंतर व्यक्तिगत पसंद और सांस्कृतिक परंपराओं पर निर्भर करता है। हालांकि आमतौर पर माना जाता है कि 3 से 5 साल का अंतर एक स्वस्थ और स्थिर रिश्ते के लिए उपयुक्त हो सकता है।