पुणे से दिल्ली जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस में एक महिला को प्लेन से उतार दिया गया। पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार (17 अगस्त) की सुबह करीब 7.45 बजे की है। इस दौरान महिला ने दूसरे यात्री से मारपीट की। लेकिन जब बीच बचाव के लिए CISF महिला स्टाफ आगे आई तो महिला यात्री ने उसे थप्पड़ मारा और हाथ पर दांत से काट लिया। महिला की इस हरकत के बाद एयरलाइन स्टाफ ने उसे प्लेन से उतार दिया। आज की अन्य बड़ी खबरें पढ़ें… दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 27 अगस्त तक बढ़ाई दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मंगलवार (20 अगस्त) को शराब नीति मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 27 अगस्त 2024 तक बढ़ा दी। अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को ईडी ने कथित शराब नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। सुप्रीम कोर्ट ने ED के मामले में केजरीवाल को अंतरिम जमानत दे दी थी। लेकिन सीबीआई ने 26 जून को शराब नीति में भ्रष्टाचार के मामले उन्हें गिरफ्तार किया था। गाजा से 6 इजराइली बंधकों के शव बरामद, इजराइली सेना मौत की वजह की जांच कर रही इजराइली सेना ने गाजा पट्टी के खान यूनिस से 6 बंधकों के शव बरामद किए हैं। सभी पिछले साल 7 अक्टूबर से लापता थे। बंधकों के नाम एलेक्स डैनसीग, यागेव बुचश्ताव, चैम पेरी, योराम मेट्ज़गर, नादाव पॉपलवेल और अव्राहम मुंडेर हैं। अभी उनके मौत की वजह का पता नहीं चल पाया है। इजराइल सेना ने कहा कि, वह इसकी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि वे इजराइली गोलाबारी में भी मर सकते हैं, वे इसकी भी जांच करेंगे। सेना ने कहा कि उनके पास खुफिया जानकारी थी, जिसके बाद वे खान यूनिस में एक सुरंग तक पहुंचे और शवों को बरामद किया। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 80वीं जयंती, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने श्रद्धांजलि दी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 80वीं जयंती पर पीएम नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ‘X’ पर लिखा- हमारे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वीर भूमि पर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ रॉबर्ट वाड्रा, उनके बेटे साथ ही कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और अन्य नेता भी मौजूद थे। जम्मू-कश्मीर के बारामूला में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 4.9 तीव्रता दर्ज जम्मू-कश्मीर के बारामूला में मंगलवार (20 अगस्त) की सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने बताया कि रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.9 दर्ज की गई। इससे पहले 12 जुलाई को बारामुला में भूकंप आया था। दोपहर 12:26 बजे लोगों ने झटके महसूस किए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई थी। भूकंप का केंद्र सतह से 10 किलोमीटर नीचे था। सीपीएम नेता सीताराम येचुरी दिल्ली AIIMS में भर्ती, निमोनिया के कारण तेज बुखार से पीड़ित कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के जनरल सेक्रेटरी सीताराम येचुरी को सोमवार (19 अगस्त) में दिल्ली AIIMS में भर्ती कराया गया। वे निमोनिया से पीड़ित हैं। तेज बुखार के कारण उन्हें इमरजेंसी डिपार्टमेंट में एडमिट किया गया है। CPM के एक सूत्र ने बताया कि येचुरी जांच के लिए AIIMS गए थे। निमोनिया के कारण उन्हें भर्ती कर लिया गया है। कोई गंभीर बात नहीं है। उनकी हालत स्थिर है। येचुरी की हाल ही में मोतियाबिंद सर्जरी हुई थी। छड़ी मुबारक रस्म के साथ अमरनाथ यात्रा खत्म, 5.12 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन रक्षाबंधन के पर्व पर छड़ी मुबारक रस्म के साथ अमरनाथ यात्रा सोमवार (19 अगस्त) को संपन्न हो गई। इस साल 5.12 लाख श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। 29 जून को शुरू यात्रा 52 दिनों के बाद संपन्न हुई। 2023 में 4.5 लाख तीर्थयात्री पहुंचे थे।