अमेरिका में इल्हान उमर से मिले राहुल:उमर ने PoK को पाकिस्तान का हिस्सा कहा था; अमित शाह बोले- राहुल देश विरोधी ताकतों के साथ

अमेरिका दौरे के आखिरी दिन मंगलवार देर रात राहुल गांधी ने वॉशिंगटन डीसी में अमेरिकी कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। रेबर्न हाउस में हुई इस मुलाकात में भारत विरोधी बयान देने वाली इल्हान उमर भी मौजूद थीं। राहुल के इल्हान से मिलने पर देश में विरोध शुरू हो गया है। BJP के कई नेताओं ने राहुल के उनसे मिलने की आलोचना की है। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि देशविरोधी बातें करना और देश को तोड़ने वाली ताकतों के साथ खड़े होना राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की आदत सी बन गई है। चाहे जम्मू-कश्मीर में देशविरोधी और आरक्षण विरोधी एजेंडे का समर्थन करना हो, या फिर विदेशी मंचों पर भारत विरोधी बातें करनी हो, राहुल गांधी ने देश की सुरक्षा और भावना को हमेशा आहत किया है। BJP प्रवक्ता संजू वर्मा ने कहा कि राहुल सत्ता में आने के लिए उतावले हैं इस वजह से ही वे एक कट्टरपंथी नेता से मिल रहे हैं। कौन है इल्हान उमर?
40 साल की इल्हान उमर सोमालियाई-अमेरिकी राजनेता हैं, जो साल 2019 में मिनिसोटा से चुनाव जीतकर अमेरिका के निचले सदन में आई थीं। वे अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस में पहुंचने वाली पहली दो मुस्लिम महिला सांसदों में से एक हैं। अमेरिकी संसद में पहुंचने वाली वे पहली सोमालियाई-अमेरिकी नागरिक भी हैं। मूल रूप से वे अफ्रीका की नागरिक भी रही हैं। उनका परिवार 1991 में सोमालियाई गृहयुद्ध के चलते देश छोड़कर अमेरिका आया था। पाकिस्तान सरकार की फंडिंग पर किया था PoK का दौरा
इल्हान उमर पहले कई बार भारत विरोधी रुख अपना चुकी हैं। वे PoK को पाकिस्तान का हिस्सा बता चुकी हैं। उन्होंने 2022 में पाकिस्तान का दौरा किया था। इस दौरान वे पाक अधिकृत कश्मीर भी गई थीं। उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ और इमरान खान से भी मुलाकात की थी। भारत ने इस पर कड़ी आपत्ति जाहिर की थी। सरकार ने उमर के पाकिस्तान और PoK के दौरे को ओछी राजनीति बताया था। PM मोदी के भाषण का बहिष्कार कर चुकीं इल्हान उमर
जून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की स्टेट विजिट पर गए थे। इस दौरान उन्होंने अमेरिकी संसद के जॉइंट सेशन को संबोधित किया था। इल्हान उमर ने इस सेशन का बहिष्कार किया था। उन्होंने PM मोदी पर आरोप लगाया था कि उनकी सत्ता में अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव होता है। राजनाथ सिंह बोले- भारत की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे राहुल
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल जिस तरह से विदेश दौरे पर भ्रामक और तथ्यहीन बातें कर रहे हैं, वे बेहद शर्मनाक और भारत की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली हैं। उन्होंने कहा कि भारत में सिख समाज को गुरुद्वारे में पगड़ी पहनने की इजाजत नहीं है, उन्हें अपने धर्म के मुताबिक काम करने से रोका जा रहा है। यह एकदम बेबुनियाद और सच्चाई से कोसों दूर है। भारत की संस्कृति की रक्षा करने में सिख समाज की जो बड़ी भूमिका रही है, उसको पूरा देश मानता है और उनका सम्मान करता है। उनके बारे में इस तरह की मनगढ़ंत बातें करना, विपक्ष के नेता को शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि राहुल का दावा कि BJP आरक्षण खत्म करेगी यह भी बेबुनियाद है। अमेरिकी सांसदों से मिलने के बाद राहुल गांधी ने नेशनल प्रेस क्लब में मीटिंग की। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर BJP और PM मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चीन ने लद्दाख में दिल्ली जितनी जमीन पर कब्जा कर लिया है। PM मोदी चीन को संभाल नहीं पा रहे हैं। इसी तरह भारत-चीन सीमा विवाद को लेकर भी जिस तरह के दावे उन्होंने अमरीका की धरती पर किए हैं, वे भी भ्रामक और तथ्यों से परे हैं। लगता है कि मुहब्बत की दुकान चलाते- चलाते राहुलजी झूठ की दुकान खोल कर बैठ गये हैं। इस तरह की गलतबयानी से राहुलजी को परहेज करना चाहिए। प्रेस क्लब में हुए सवालों पर राहुल गांधी के जवाब … पिछले 5 साल में हुई राहुल गांधी की विदेशी यात्राएं जो विवादित रहीं… मई 2022- राहुल गांधी ब्रिटेन के दौरे पर थे। उन्होंने CBI और ED का हवाला देते हुए भारत सरकार की तुलना पाकिस्तान सरकार से की थी। BJP ने राहुल पर विदेश में जाकर भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया। दिसंबर 2020- राहुल गांधी नानी से मिलने इटली गए। वे कांग्रेस के स्थापना दिवस में शामिल नहीं हुए। कुछ महीने बाद पंजाब, गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर और UP में चुनाव हुए। कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। राहुल पर आरोप लगा कि इटली जाने के लिए उन्होंने पंजाब में रैली को कैंसिल करवा दी। दिसंबर 2019- भारत में CAA के खिलाफ बड़ा आंदोलन चल रहा था। राहुल गांधी तब दक्षिण कोरिया चले गए थे। उनकी इस यात्रा को लेकर कई कांग्रेसी नेताओं ने भी सवाल उठाए थे। अक्टूबर 2019- हरियाणा और महाराष्ट्र में होने वाले चुनाव से सिर्फ 15 दिन पहले राहुल गांधी कंबोडिया चले गए। BJP ने कहा कि राहुल गांधी पर्सनल टूर पर बैंकॉक गए हैं। वहीं, कांग्रेस ने कहा कि वे मेडिटेशन के लिए कम्बोडिया गए हैं। ये खबर भी पढ़ें… अमेरिका में राहुल बोले- सब कुछ मेड इन चाइना:इसलिए भारत में रोजगार की दिक्कत; पित्रोदा ने कहा- राहुल के पास विजन, वो पप्पू नहीं राहुल गांधी विपक्ष के नेता के तौर पर पहली बार विदेश दौरे पर हैं। वे रविवार को अमेरिका के टेक्सास राज्य पहुंचे। यहां उन्होंने 2 कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पहले उन्होंने डलास में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। इसके बाद राहुल गांधी ने सोमवार को यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास के छात्रों से भारतीय राजनीति, इकोनॉमी और भारत जोड़ो यात्रा समेत कई मुद्दों पर चर्चा की। राहुल ने कहा, “भारत में सब मेड इन चाइना है। चीन ने प्रोडक्शन पर ध्यान दिया है इसलिए चीन में रोजगार की दिक्कतें नहीं हैं।” पूरी खबर यहां पढ़ें… ये खबर भी पढ़ें… राहुल के घर के बाहर BJP सिख प्रकोष्ठ का प्रोटेस्ट:प्रदर्शनकारी बोले- कांग्रेस नेता ने विदेश में भारत और सिख का अपमान किया दिल्ली में राहुल गांधी के घर के बाहर बुधवार (11 सितंबर) को भाजपा सिख प्रकोष्ठ ने प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि कांग्रेस नेता ने अमेरिका में जाकर भारत और सिखों का अपमान किया है। विदेश धरती में हमारे देश को बदनाम किया है। उन्हें इसको लेकर माफी मांगनी चाहिए। दरअसल, राहुल ने अमेरिका दौरे पर कहा था- ‘भारत में सिख समुदाय के बीच इस बात की चिंता है कि उन्हें पगड़ी, कड़ा पहनने की इजाजत दी जाएगी या नहीं? क्या वे गुरुद्वारे जा सकेंगे? ये चिंता सिर्फ सिखों की नहीं बल्कि सभी धर्मों के लिए है।’ पूरी खबर पढ़ें…