संसद में राष्ट्रपति का अभिभाषण, सोनिया ने बेचारी कहा:राहुल ने बोरिंग; PM बोले- ये आदिवासियों का अपमान, राष्ट्रपति भवन ने भी आपत्ति जताई

18वीं लोकसभा के बजट सत्र का आज पहला दिन था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा के जॉइंट सेशन में 59 मिनट का अभिभाषण दिया। उनके इस अभिभाषण पर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी पर विवाद हो गया। सोनिया गांधी ने द्रौपदी मुर्मू के लिए बेचारी शब्द इस्तेमाल किया। वहीं राहुल ने भाषण को बोरिंग बताया। भाजपा ने इसे आदिवासी समाज का अपमान बताया और माफी की मांग की। प्रधानमंत्री मोदी ने भी कहा कि राष्ट्रपति के लिए ऐसे बयान गरीबों और आदिवासियों का अपमान है। वहीं राष्ट्रपति भवन के प्रेस सेक्रेटरी ने भी सोनिया गांधी के बयान पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा- विपक्षी सांसदों का बयान दुर्भाग्यपूर्ण और राष्ट्रपति की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है। पढ़िए सोनिया-राहुल का कमेंट… सोनिया गांधी- अंत तक राष्ट्रपति बहुत थक गईं थीं। बेचारी वह मुश्किल से बोल पा रही थीं। राहुल गांधी- यह बोरिंग था, वहीं बातें बार-बार रिपीट की गईं। पप्पू यादव- राष्ट्रपति रबर स्टैंप की तरह हैं। वे बस लव लेटर पढ़ती रहती हैं। मोदी बोले- इस सत्र में कई ऐतिहासिक बिल पेश किए जाएंगे
संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदन के बाहर मीडिया को संबोधित किया था। PM ने कहा- इस सत्र में कई ऐतिहासिक बिल पेश किए जाएंगे। हर नारी को सम्मानपूर्ण जीवन मिले उस दिशा में इस सत्र में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे। रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म करेंगे। अब पढ़िए राष्ट्रपति का अभिभाषण, 7 पॉइंट में… 1. किसानों पर
किसानों को फसलों का उचित दाम दिलाने और आय बढ़ाने पर सरकार काम कर रही है। 332 मिलियन टन अनाज उत्पादन हुआ। खरीब-रबी फसलों की एमएसपी में बढ़ोतरी की है। मोटे अनाज की खरीद पर तीन गुना राशि खर्च की गई है। 109 उन्नत प्रजातियां किसानों को सौंपी गई हैं, अच्छी उपज के लिए। कृषि इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड के दायरे को बढ़ावा मिलेगा। खाद्य तेलों और तेंदू उत्पादन को बढ़ाने का काम किया गया। प्राकृतिक खेती केलिए राष्ट्रीय मिशन चलाया जा रहा है। 2. स्टूडेंट्स पर
छात्रों को उच्च शिक्षा में सहायता के लिए योजना शुरू की गई। 500 कंपनियों में इन्हें इंटर्नशिप भी दी जाएगी। पेपर लीक को रोकने के लिए नया कानून लागू किया गया है। सरकार ने ग्राम सड़क योजना के लिए 26 हजार करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। पिछले 6 माह में 17 वंदे भारत को जोड़ा गया है। 3. गरीबों-मिडिल क्लास पर
गरीब को गरिमापूर्ण जीवन मिले, इसके लिए हम प्रयासरत हैं। देश के 25 करोड़ लोग गरीबी को परास्त कर आज अपने जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। इन्होंने न्यू मिडिल क्लास का ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार किया जो नई ऊर्जा से भर रहा है। सरकारी कर्मचारियों के सम्मान के लिए आठवें वेतन आयोग के गठन का निर्णय लिया है। केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों के यूनिफाइड पेंशन के तहत 50 फीसदी निश्चित पेंशन देने का फैसला लिया गया है। 4. आदिवासियों पर
आज देश के विकास में सबका साथ है इसलिए हम देश के सभी सामर्थ्य का अनुभव कर रहे हैं। इसका लाभ दलित, वंचित और आदिवासी समाज को मिल रहा है। जिस जनजातीय समाज की उपेक्षा होती रही, हमने उसके कल्याण को प्राथमिकता दी। 770 से ज्याद एकलव्य विद्यालयों में आदिवासी बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। 30 नए मेडिकल कॉलेज खोले गए। स्वास्थ्य के लिए 5 करोड़ व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई है। 5. इन्फ्रास्ट्रक्चर पर
आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर देश को नया आत्म विश्वास देता है। हमने कई माइल स्टोन खड़े किए हैं। 10 साल पहले बुनियादी ढांचे का बजट 2 लाख करोड़ था, अब यह 11 लाख करोड़ से ज्यादा है। डीप वाटर मेगा पोर्ट की बुनियाद रखी गई है। ये दुनिया का टॉप 10 पोर्ट में से एक होगा। उधमपुर, श्रीनगर-बारामुला रेल योजना पूरी हो गई है। देश कश्मीर से कन्याकुमारी तक रेललाइन से जुड़ जाएगा। विश्व का सबसे ऊंचा ब्रिज, रेल केबल ब्रिज बनाया गया है। 6. हेल्थ सर्विस पर
कैंसर मरीजों के लिए कैंसर दवाओं को कस्टम ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया है। सर्वाइकल कैंसर के लिए 9 करोड़ महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। जितना बल फिजिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर पर काम किया, उतना ही सोशल इन्फ्रास्ट्रक्चर पर काम किया। अस्पताल, इलाज और सेवा के चलते परिवार का खर्च लगातार कम हो रहा है। एक लाख 75 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर बने हैं। 7. बैंकिंग-टेक्नोलॉजी पर
आज भारत टेक्नोलॉजी के रूप में अहम ग्लोबल प्लेयर है। भारत में 5 जी की शुरुआत इसका उदाहरण है। यूपीआई टेक्नोलॉजी की सफलता से प्रभावित हैं। 50 फीसदी से ज्यादा रियल टाइम डिजिटल ट्रांजैक्शन हो रहा है। भारत में छोटे से छोटा दुकानदार इस सुविधा का लाभ उठा रहा है। बैंकिंग सेवाएं, UPI जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। 5 लाख से ज्यादा कॉमर्स सर्विस सेंटर में दर्जनों सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। डीजी लॉकर से कहीं भी और कभी भी अपने अहम दस्तावेज दिखाने की व्यवस्था मिली। बजट सत्र के पहले दिन के जुड़े बाकी अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…