अमेरिका हिंसा- मास्क पहनने वालों की तुरंत गिरफ्तारी का आदेश:आगजनी-तोड़फोड़ पर ट्रम्प बोले- लॉस एंजिल्स पर अप्रवासियों का कब्जा, आजाद कराएंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने लॉस एंजिल्स में हो रहे प्रदर्शनों को रोकने के लिए कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कानून प्रवर्तन एजेंसियों को आदेश दिया है कि जो लोग प्रदर्शन के दौरान मास्क पहन रहे हैं, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि अब से किसी भी प्रदर्शन में मास्क पहनने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अमेरिका के लॉस एंजिल्स शहर में सरकार की आव्रजन नीतियों के खिलाफ 3 दिन से हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। उपद्रवियों ने पूरे शहर में कई सड़कों पर आगजनी की है। इस दौरान सैकड़ों गाड़ियों को आग के हवाले किया है। कई प्रदर्शनकारी अमेरिकी झंडे पर थूकते और जलाते भी नजर आए। प्रदर्शनकारी मास्क पहनकर सड़कों पर उतर रहे हैं ताकि वे सुरक्षा कैमरों से बच सकें। ट्रम्प ने लॉस एंजिल्स में फैली हिंसा और तोड़फोड़ के बाद वहां तैनात किए गए नेशनल गार्ड के जवानों की तारीफ भी की है। ये जवान आमतौर पर राज्य के गवर्नरों के आदेश पर बुलाए जाते हैं, लेकिन इस बार ट्रम्प ने खुद उनकी तैनाती कर दी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा कि शहर पर अवैध प्रवासियों का कब्जा है, इसे जल्द आजाद कराया जाएगा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर एक्शन लेने की बात भी कही है। लॉस एंजिल्स में आगजनी की तस्वीरें… ऑस्ट्रेलियाई रिपोर्टर को गोली लगी विरोध प्रदर्शनों को कवर कर रही ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार लॉरेन टोमासी पर पुलिस ने रबर बुलेट फायर कर दी। यह घटना रविवार को उस समय हुई जब नाइन न्यूज की पत्रकार लॉरेन टोमासी लाइव रिपोर्टिंग कर रही थीं। वायरल हुए वीडियो में दिखा कि रबर बुलेट उनकी टांग में लगी लॉरेन ने कहा- कई घंटों की तनातनी के बाद स्थिति अब तेजी से बिगड़ गई है। लॉस एंजिल्स पुलिस घोड़ों पर सवार होकर प्रदर्शनकारियों पर रबर बुलेट दाग रही है और उन्हें शहर के सेंटर से हटा रही है।” इस दौरान पीछे से एक पुलिस अधिकारी की आवाज आई, जो कह रहा था कि तुमने अभी पत्रकार को गोली मारी। किसी ने लॉरेन से पूछा कि क्या वह ठीक हैं, तो उन्होंने जवाब दिया- मैं ठीक हूं। लॉस एंजिल्स में नेशनल गार्ड तैनात किए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने लॉस एंजिल्स में हालात को काबू करने के लिए 2000 नेशनल गार्ड्स को भेजा है। हालांकि, कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम और लॉस एंजिल्स की मेयर कैरेन बैस ने नेशनल गार्ड्स भेजने का विरोध किया है। यह पहला मौका है जब किसी राज्य की नेशनल गार्ड को बिना गवर्नर की अनुमति के भेजा गया। लॉस एंजिल्स में 6-7 जून को सरकार ने अवैध अप्रवासियों के खिलाफ एक अभियान चलाया गया था। इसी का विरोध हो रहा है। छापेमारी राष्ट्रपति ट्रम्प की डिपोर्टेशन पॉलिसी का हिस्सा है। रविवार सुबह प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर और पटाखे चलाए इससे पहले भारतीय समयानुसार रविवार सुबह भी प्रदर्शन हुए थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर और पटाखे चलाए। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों और इमिग्रेशन एंड कस्टम्स इन्फोर्समेंट (ICE) पर आंसू गैस और पैट्रोल बम दागे। कई सरकारी इमारतों और गाड़ियों पर स्प्रे-पेंट से नारे लिखे, एक स्ट्रिप मॉल में आग लगा दी और कई दुकानों में तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने मेक्सिको का झंडा लेकर ‘ICE लॉस एंजिल्स से बाहर जाओ’ जैसे नारे भी लगाए। इसके बाद 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया। लॉस एंजिल्स में हिंसक प्रदर्शन की तस्वीरें…. 3000 आप्रवासियों को गिरफ्तार करने का लक्ष्य ट्रम्प की डिपोर्टेशन पॉलिसी के तहत ICE को हर दिन बिना दस्तावेज वाले 3000 आप्रवासियों को रिकॉर्ड संख्या में गिरफ्तार और डिपोर्ट करने का लक्ष्य है। छापेमारी की एक वजह कुछ व्यपारियों द्वारा फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करना भी है। अधिकारियों के मुताबिक, हर दिन करीब 1600 अवैध अप्रवासियों को पकड़ा जा रहा है। दरअसल, होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने दावा किया कि एक हजार प्रदर्शनकारियों ने एक फेडरल ऑफिस को घेरकर ICE अधिकारियों पर हमला किया। इन प्रदर्शनकारी मुख्य तौर से आप्रवासी समुदाय के समर्थक, स्थानीय निवासी, और आप्रवासी अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठन जैसे कोएलिशन फॉर ह्यूमन इमिग्रेंट राइट्स और नेशनल डे लेबरर ऑर्गनाइजिंग नेटवर्क के सदस्य हैं। मिलिट्री स्टाइल में की गई छापेमारी ट्रम्प ने US-मेक्सिको बॉर्डर बंद करने का वादा किया है ट्रम्प ने अवैध प्रवासियों को रिकॉर्ड संख्या में निर्वासित करने और अमेरिका-मेक्सिको सीमा बंद करने का वादा किया है। व्हाइट हाउस के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर ने प्रदर्शनों को कानून और देश की संप्रभुता के खिलाफ विद्रोह करार दिया। प्रदर्शनकारी रॉन गोशेज ने रॉयटर्स से कहा- वे हमारे लोगों को किडनैप नहीं कर सकते। हम एकजुट होकर कड़ा विरोध करेंगे। ———————————— ये खबर भी पढ़ें…. कोलंबिया में राष्ट्रपति उम्मीदवार को सिर में गोली मारी गई: हालत नाजुक, चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे; हमलावर गिरफ्तार साउथ अमेरिकी देश कोलंबिया में राष्ट्रपति उम्मीदवार मिगुएल उरीबे को चुनाव प्रचार के दौरान गोली मार दी गई। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हालत नाजुक बनी हुई है। घटना स्थानीय समयानुसार शनिवार शाम की है। पूरी खबर पढ़ें…