दिल्ली की एक कोर्ट ने सोमवार को कहा कि जेल में बंद अगस्ता वेस्टलैंड मामले के आरोपी क्रिश्चियन मिशेल जेम्स की सुरक्षा से जुड़ी फाइल का गायब होना गंभीर चिंता का विषय है। कोर्ट ने तिहाड़ जेल प्रशासन को उसे खोजने का निर्देश दिया। स्पेशल जज संजय जिंदल ने तिहाड़ जेल के अधिकारियों को 7 जुलाई तक रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है। आज की बड़ी खबरें पढ़ें… सोनिया गांधी चेकअप के लिए सर गंगा राम अस्पताल गईं, शिमला में तबीयत बिगड़ी थी कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी सोमवार को मेडिकल चेकअप के लिए सर गंगा राम अस्पताल गई। सोनिया पिछले कुछ दिनों से बीमार हैं। शनिवार को शिमला में उनकी तबीयत खराब हो गई थी। उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया था। IGMC में रूटीन चेकअप के बाद डॉक्टर ने उन्हें वापस भेज दिया था। रविवार को वह शिमला से वापस दिल्ली आ गई थीं। गुजरात में बस और ट्रकों के बीच टक्कर में दो लोगों की मौत, 9 घायल गुजरात के खेड़ा जिले में सोमवार को राज्य परिवहन की एक बस और दो ट्रकों के बीच टक्कर में बस के कंडक्टर और एक यात्री की मौत हो गई, जबकि नौ घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह हादसा कपड़वंज-मोडासा हाईवे पर सुबह करीब 11.30 बजे हुआ, जब गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (GSRTC) की बस अरवल्ली जिले के बयाद कस्बे से खेड़ा जिले की ओर जा रही थी। कपड़वंज के पास पंखिया चौराहे पर एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में बस चालक ने कंट्रोल खो दिया और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। आगे से आ रहे ट्रक से टकराने के बाद बस पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक से भी जा टकराई। मणिपुर में ₹55 करोड़ की ड्रग्स और कैश जब्त, 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया मणिपुर में डीआरआई, कस्टम्स, असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन में ₹55.52 करोड़ की ड्रग्स और नकदी जब्त की है। पुलिस ने 5 लोगों को भी गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। केंद्र बोला- भारतीयों के सऊदी अरब जाने पर कोई रोक नहीं, रिपोर्ट्स को गलत बताया केंद्र सरकार के सूत्रों के मुताबिक भारतीयों के सऊदी अरब जाने पर किसी तरह की रोक की खबरें गलत हैं। सऊदी सरकार ने इस मामले में कोई अधिसूचना जारी नहीं की है। केंद्र का ये बयान उन रिपोर्टों के बाद आया है जिसमें दावा किया गया था कि सऊदी सरकार ने भारतीयों के सऊदी अरब जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। PTI की खबर के मुताबिक सरकार के सोर्स ने कहा कि हज के सीजन के दौरान भीड़भाड़ से बचने के लिए शॉर्ट टर्म वीजा पर टेम्परेरी बैन होता है, जो हज के खत्म होने के साथ ही समाप्त हो जाता है। गुजरात हाईकोर्ट को बम से उड़ाने से धमकी झूठी निकली, डॉग स्क्वॉड-बम स्क्वॉड ने चेकिंग की थी सोमवार दोपहर गुजरात हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। किसी अज्ञात व्यक्ति ने हाईकोर्ट के ई-मेल पते पर ई-मेल भेजा था। सूचना मिलते ही पुलिस हाईकोर्ट पहुंची, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने चेकिंग की। हईकोर्ट स्टाफ के एंट्री गेट नंबर 5 को बंद कर किया था। इसके साथ ही कोर्ट में प्रवेश करने वाले वाहनों की चेकिंग की गई। इसके बाद बताया गया कि बम की खबर झूठी पाई गई है। जिसमें मेल भेजा उसकी जांच की जा रही है। केरल तट के पास सिंगापुर के कार्गो शिप में धमाके के बाद आग लगी, 22 क्रू मेंबर्स में 4 लापता, 5 घायल केरल के कोच्चि में सिंगापुर के एक कार्गो शिप MV WAN HAI 503 में धमाके का बाद आग लग गई। शिप पर 22 क्रू मेंबर्स सवार थे। इनमें 4 लापता बताए जा रहे हैं। 5 क्रू मेंबर्स घायल हैं। इंडियन कोस्ट गार्ड ने X पर घटना की जानकारी दी है। बताया गया कि कार्गो शिप कोलंबो से नवी मुंबई के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट (न्हावा शेवा पोर्ट) जा रहा था। इसी दौरान शिप के डेक में धमाका हुआ। कोस्ट गार्ड ने बताया कि न्यू मंगलौर के पास 4 भारतीय कोस्ट गार्ड के शिप- राजदूत, अर्नवेश और सचेत को मदद के लिए भेजा गया है। बेंगलुरु भगदड़: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु क्रिमिनल केस खारिज करवाने कर्नाटक हाईकोर्ट पहुंचा, कहा- हमें झूठा फंसाया गया रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ की घटना में अपने खिलाफ आपराधिक मामला रद्द करने के लिए सोमवार को कर्नाटक हाईकोर्ट में याचिका लगाई। इस भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी। मामले की सुनवाई आज हो सकती है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के मालिक रॉयल चैलेंजर्स स्पोर्ट्स लिमिटेड (RCSL) ने तर्क दिया है कि उसे इस मामले में झूठा फंसाया गया है। RCSL ने दावा किया कि उसने सोशल मीडिया पर स्पष्ट रूप से बताया था कि केवल लिमिटेड पास ही उपलब्ध हैं। साथ ही यह भी कहा था कि फ्री पास वालों को भी एंट्री के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। स्टेडियम के गेट, जो दोपहर 1.45 बजे खुलने वाले थे, वास्तव में दोपहर 3 बजे ही खुले, जिससे भीड़ बढ़ गई। इवेंट आयोजक डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स प्राइवेट लिमिटेड ने भी अपने खिलाफ एफआईआर को चुनौती देते हुए एक अलग याचिका दायर की है। कंपनी का कहना है कि यह घटना पुलिस द्वारा भीड़ प्रबंधन में विफलता के कारण हुई। गुजरात हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता पहुंचा गुजरात हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने हाईकोर्ट के ई-मेल पते पर ई-मेल भेजा है। पुलिस को सूचना देने के बाद पुलिस हाईकोर्ट पहुंच गई है। हाईकोर्ट के गेट बंद कर दिए गए हैं और चेकिंग शुरू कर दी गई है। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते द्वारा चेकिंग शुरू कर दी गई है। दिल्ली में दो मंजिला इमारत ढही; 8 साल के बच्चे की मौत, 2 घायल दिल्ली के नांगलोई इलाके में सोमवार सुबह दो मंजिला इमारत ढह गई। दिल्ली फायर सर्विस ने बताया कि हादसे में 8 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हैं। ठाणे में ट्रेन से 10 यात्री नीचे गिरे, 5 की मौत होने की खबर ठाणे के मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर आज सुबह एक ट्रेन से करीब 10 यात्री नीचे गिर गए। इनमें से 5 की मौत होने खबर है। आशंका है ये यात्री ट्रेन के गेट पर बैठे थे, जहां से वे नीचे गिर गए। मध्य रेलवे मामले की जांच कर रहा है। दिल्ली के दिलशाद गार्डन में ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान आग लगी, दो की मौत दिल्ली के दिलशाद गार्डन स्थित कोड़ी कॉलोनी में रविवार देर रात ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान लगी आग में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 24 वर्षीय युवक और एक 60 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में आग की वजह ई-रिक्शा की चार्जिंग मानी जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। फायर ऑफिसर अनूप सिंह ने बताया कि रात 11:32 बजे कॉल मिली थी। आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के बाद पता चला कि दो ई-रिक्शा और कुछ मोटरसाइकिलें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी हैं। ओडिशा में IAS अफसर ₹10 लाख की रिश्वत लेते पकड़ा गया, घर से मिले 47 लाख रुपए ओडिशा विजलेंस डिपॉर्टमेंट ने कालाहांडी जिले में धर्मगढ़ के सब-कलेक्टर धीमान चकमा (IAS, 2021 बैच) को 10 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा। वे एक कारोबारी से 20 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहे थे और यह पहली किस्त थी। आरोपी अफसर ने धमकी दी थी कि अगर पैसे नहीं दिए तो कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। वहीं, धीमान के सरकारी आवास की तलाशी में 47 लाख रुपए की नकदी भी बरामद हुई। मामला विजिलेंस सेल PS केस नंबर 6/2025 के तहत PC एक्ट 1988 और इसके 2018 संशोधन के तहत दर्ज किया गया है। जांच जारी है। NIA ने मणिपुर में सुरक्षाबलों पर 2024 में हमला करने वाले 3 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने मणिपुर में सुरक्षाबलों पर हुए घातक हमले के मामले में तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। यह हमला 17 जनवरी 2024 को तेंगनौपाल जिले के मोरेह में इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB) पोस्ट और अन्य सुरक्षाबलों पर किया गया था। इस हमले में दो पुलिस कमांडो शहीद हो गए थे और कई अन्य घायल हुए थे। एनआईए के अनुसार, इन तीनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हमले की योजना बनाई, साजिश रची और उसे अंजाम दिया। जांच एजेंसी इस हमले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है।