अनंत-राधिका की शादी पर वर्ल्ड मीडिया का रिएक्शन:NYT ने लिखा- राजा-महराजाओं का दौर वापस लाए अंबानी; गार्जियन ने लिखा- तमाशे में 5000 करोड़ खर्च

एशिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी आज राधिका मर्चेंट के साथ शादी कर रहे हैं। इस शादी में न सिर्फ भारत बल्कि कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियां भी शामिल हो रही हैं। विदेशी मेहमानों का जिक्र करें तो पूर्व ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन और टोनी ब्लेयर समेत कई अन्य हाई प्रोफाइल हस्तियां पहुंच चुकी हैं। विदेशी मीडिया भी इस शाही शादी पर नजर बनाए हुए है। NYT, द गार्जियन, BBC, CNN ने शादी में हुए खर्च और लंबी टाइमिंग को लेकर हैरानी जताई है। जानते हैं अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी पर विदेशी मीडिया ने क्या लिखा है… CNN ने लिखा- इतनी लंबी शादी नहीं देखी
CNN ने लिखा है कि अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट का वैवाहिक समारोह 29 दिसंबर को शुरू हुआ था जो जुलाई में भी जारी है। भारत में शादी समारोह कई दिनों तक चलते हैं मगर 7 महीने तक चलने वाली शादी शायद कभी देखी या सुनी गई हो। इस रिपोर्ट में 29 दिसंबर को हुई सगाई से लेकर 12 जुलाई की शादी तक हुए हर इवेंट के बारे में बताया गया है। गार्जियन बोला- तमाशे पर खर्च हुए 5000 करोड़ ब्रिटिश अखबार द गार्जियन ने लिखा है कि मुकेश अंबानी भारत के सबसे अमीर शख्स हैं। उन्होंने कुछ सालों में बेतहाशा खर्च किया है। उनका घर एंटीलिया दुनिया का सबसे महंगा घर है। 2018 में उनकी बेटी की शादी पर 800 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किया गया था। इतना पैसा आज तक भारत में किसी भी शादी में खर्च नहीं हुआ। अब उनके छोटे बेटे की शादी हो रही है जिसका उत्सव कई महीनों से जारी है। ब्रिटिश अखबार ने लिखा है कि 5 महीने से भी अधिक समय तक चल रहे इस तमाशे में 5000 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। हालांकि, यह एक बड़ी रकम है मगर अंबानी की संपत्ति का सिर्फ 0.5% है। BBC ने लिखा- पूरी दुनिया अंबानी को जान गई
BBC ने लिखा है कि अंबानी के पास कितनी संपत्ति और उनकी क्या हैसियत है इससे भारत के लोग अनजान नहीं हैं लेकिन इस आयोजन के बाद से बाकी दुनिया भी उनके बारे में जान गई है। अब तो लगता है कि अंबानी परिवार के लिए कुछ भी असंभव नहीं है। NYT ने कहा- शान-ओ-शौकत का दौर वापस आया
न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा है कि 1971 जब इंदिरा गांधी ने संविधान में बदलाव कर प्रिवी पर्स लागू किया और खजाने का राष्ट्रीयकरण कर दिया तब राजा-महराजा हों या निजाम-नवाब सभी अपने गहनों को छुपाने में लग गए। भारत में शाही स्तर पर शान-ओ-शौकत लगभग गायब सी हो गई, लेकिन अंबानी परिवार ने ये दौर बदल दिया है। अमेरिकी अखबार लिखता है कि अंबानी की अपार लोकप्रियता के बाद भी उन्हें बाहरी दुनिया में कम ही लोग जानते थे लेकिन अब 1 मार्च के बाद स्थिति बदल गई है। दुनियाभर में उनकी ही चर्चा है। NYT ने आगे लिखा है कि अनंत-राधिका के प्री वेडिंग समारोह में रिहाना की मौजूदगी ने भले ही सुर्खिया बटोंरीं हों मगर जिस तरह के आभूषण अंबानी फैमिली ने पहने थे वह 100 साल पहले महराजाओं की आयोजनों में ही दिखता था। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि यह शाही शादी अंबानी फैमिली के बेहद ताकतवर होने का संकेत है, जिसमें बॉलीवुड सितारों से लेकर देश के सबसे शक्तिशाली राजनेताओं तक सभी उनके इशारे पर चलते हैं। इस शादी में विदेशी हस्तियों के साथ-साथ बॉलीवुड के बड़े सितारे, उद्योगपति, राजनयिक और इंस्टाग्राम के प्रभावशाली लोग भी शामिल होंगे। इन मेहमानों को लाने के लिए सैकड़ों निजी विमानों को भाड़े पर लिया गया है।