ओलिंपिक में हरियाणवी खिलाड़ियों ने दम दिखाया:विनेश फोगााट रेसलिंग में लगातार 3 मैच जीती, कल गोल्ड के लिए लड़ेंगी; नीरज चोपड़ा भी फाइनल में

पेरिस ओलिंपिक में मंगलवार को हरियाणा के 2 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। पहलवान विनेश फोगाट ने पेरिस ओलिंपिक में मेडल पक्का कर लिया है। वह 50 kg वेट कैटेगरी के फाइल में पहुंच गई हैं। उन्होंने क्यूबा की पहलवान युस्नेलिस गुजमैन लोपेज को 5-0 से हराया। वह कल गोल्ड मेडल के लिए खेलेंगी। इसस पहले क्वार्टर फाइनल में विनेश ने यूक्रेन की ओकसाना को चित किया। वहीं प्री क्वार्टर फाइनल में ओलिंपिक चैंपियन युई सुसाकी को अंतिम 10 सेकेंड में हराया। पानीपत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा पहले ही थ्रो से फाइनल में पहुंच गए। फाइनल में क्वालिफाई करने के लिए 84 मीटर जेवलिंग फेंकनी थी। नीरज ने 89.34 मीटर जेवलिन फेंका। नीरज का फाइनल 8 अगस्त को होगा। नीरज की जीत पर पिता सतीश चोपड़ा ने कहा कि बेटा देश की उम्मीदों पर खतरा उतरा। गेम से 3-4 दिन पहले नीरज से बात हुई थी। तब नीरज ने कहा था कि बॉडी अच्छे से काम कर रही है। मैच में अच्छे से अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। नीरज की मां सरोज देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस बार चूरमा जरूर खिलाएंगे। पीएम के लिए पिछली बार भी अपने हाथों का चूरमा भेजा था, लेकिन किसी वजह से वह उन तक नहीं पहुंच पाया था। वहीं विनेश फोगाट की जीत पर द्रोणाचार्य अवार्डी चाचा महावीर फोगाट ने कहा- ”2016 में भी विनेश फोगाट से गोल्ड मेडल की पूरी उम्मीद थी। उसकी पूरी तैयारी भी थी। तब घुटने में चोट की वजह से रह गई। फिर उसके सिर में चोट लग गई। वह एक साल मैच से बाहर रही। इस बार हमें पूरी उम्मीद है कि विनेश मेरे गोल्ड मेडल का सपना पूरा करेगी।” महावीर फोगाट ने आगे कहा- ”विनेश ने जापान की अच्छी लड़की को हराया है। मैंने देखा था कि जापान की लड़की लैग अटैक करती है। मैंने उसे कहा था कि पहला राउंड डिफेंस रखना। उसने वही किया और पहले राउंड में डिफेंस रख उसे हरा दिया।” चचेरी बहन संगीता फोगाट ने कहा- ”हमें उम्मीद है कि विनेश फोगाट गोल्ड मेडल लेकर आएगी। इंडिया ने आज तक रेसलिंग में गोल्ड मेडल नहीं जीता है।”