करेंट अफेयर्स 10 अगस्त:मालदीव में भारत शुरू करेगा UPI पेमेंट सर्विस; बांग्लादेश बैंक के गवर्नर और चीफ जस्टिस ने इस्तीफा दिया

भारत और मालदीव ने UPI शुरू करने के लिए एक MoU पर हस्ताक्षर किए। अमन सहरावत ने पेरिस ओलिंपिक में भारत को रेसलिंग का पहला मेडल दिलाया। वहीं, बांग्लादेश की चीफ जस्टिस और बांग्लादेश बैंक के गवर्नर ने भी इस्तीफा दिया। आइए आज के ऐसे ही प्रमुख करेंट अफेयर्स पर नजर डालते हैं, जो सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए अहम हैं… एग्रीमेंट (AGREEMENT)
1. भारत मालदीव में शुरू करेगा UPI पेमेंट सर्विस : भारत और मालदीव ने 10 अगस्त को यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) शुरू करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि इस समझौते का मालदीव के पर्यटन क्षेत्र पर ‘बहुत सकारात्मक’ प्रभाव पड़ेगा। 2. GAIL और राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड में समझौता हुआ : GAIL इंडिया लिमिटेड और राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (RRVUNL) ने समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह एक गैर बाध्यकारी समझौता है और RRVUNL के गैस आधारित पॉवर प्लांट्स को ऑप्टमाइज करने के लिए किया गया है। स्पोर्ट (SPORT)
3. अमन सहरावत ने पेरिस ओलिंपिक में भारत को रेसलिंग का पहला मेडल दिलाया : अमन सहरावत ने शुक्रवार, 9 अगस्त को पेरिस ओलिंपिक में भारत को रेसलिंग का पहला मेडल दिलाया। अमन ने फ्री-स्टाइल 57kg कैटेगरी में प्यूर्टो रिको के डरियन टोई क्रूज को 13-5 से हराकर ब्रॉन्‍ज जीता। नेशनल (NATIONAL)
4. मोदी कैबिनेट ने 8 रेलवे प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी: केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार, 9 अगस्त को कनेक्टिविटी में सुधार करने के लिए 8 रेलवे प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 योजना को मंजूरी दी गई है। योजना के तहत 3,60,000 करोड़ रुपए की लागत से तीन करोड़ घर बनेंगे। इंटरनेशनल (INTERNATIONAL)
5. बांग्लादेश की चीफ जस्टिस और बांग्लादेश बैंक के गवर्नर ने इस्तीफा दिया: बांग्लादेश सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस ओबैदुल हसन और बांग्लादेश बैंक के गवर्नर अब्दुर रउफ तालुकदार ने भी इस्तीफा दे दिया है। चीफ जस्टिस के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शनकारी छात्रों ने सुबह से सुप्रीम कोर्ट को घेर लिया था। इससे पहले 5 अगस्त को बंग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस्तीफा दिया था। आज का इतिहास (TODAY’S HISTORY)
10 अगस्त का इतिहास : हर साल 10 अगस्त को शेरों के सम्मान में विश्व शेर दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन दुनिया में शेरों की घटती आबादी के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। शेर अपनी ताकत और भव्यता से हमें आकर्षित करते हैं, लेकिन आवास की कमी, मानव-वन्यजीव संघर्ष और अवैध शिकार जैसे विभिन्न खतरों के कारण उनकी आबादी कम होती जा रही है।