गुजरात के वडोदरा में महिसागर नदी पर बना पुल ढहा:2 की मौत, 3 का रेस्क्यू; प्रयागराज में डूबने से 4 की जान गई

मध्य गुजरात को सौराष्ट्र से जोड़ने वाला महिसागर नदी पर बना 45 साल पुराना गंभीर ब्रिज मंगलवार सुबह अचानक टूट गया। इस हादसे में ब्रिज से गुजर रहे दो ट्रक, एक बोलेरो समेत 4 वाहन नदी में गिर गए। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, 3 लोगों को स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर बचा लिया। वहीं, UP में बुधवार को भारी बारिश जारी है। प्रयागराज में बारिश के पानी में डूबने से 4 बच्चों की मौत हो गई। अयोध्या में सड़कों पर पानी भर गया है। वाराणसी में दशाश्वमेध घाट और असी घाट तक पानी पहुंच गया है। इसके चलते गंगा आरती का स्थान बदला गया है। इधर, मध्य प्रदेश में मंडला, डिंडौरी, श्योपुर, शहडोल, उमरिया जिले बाढ़ की चपेट में हैं। नर्मदा और दूसरी नदियां उफान पर हैं। छतरपुर के बान सुजारा डैम के 12 गेट खोले गए, दमोह में सतधरू-साजली बांध के 3-3 गेट खोले घए। जबलपुर में बरगी डैम के 17 गेट खोले गए। उत्तराखंड में मानसून जमकर बरस रहा है। मंगलवार को चमोली जिले के नंदप्रयाग घाट के पास मुख गांव में बादल फटने से तबाही मच गई। SDRF ने बताया कि जनहानि की सूचना नहीं है। सर्च जारी है। अगले चार दिन राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना है। राजस्थान में भी मानसून इस साल जमकर मेहरबान है। अब तक सामान्य से करीब 121% ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई है। सामान्य रूप से एवरेज 84mm बारिश होनी चाहिए थी, 186mm दर्ज की गई है। बुधवार को भी मौसम विभाग ने 25 जिलों में बारिश का अलर्ट दिया है। राज्यों से बारिश-बाढ़ की 5 तस्वीरें… देशभर में बारिश-बाढ़ के हालात जानने के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…