गुरुवार, 29 अगस्त को भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी है, इसका नाम अजा है। गुरुवार को एकादशी होने से इस दिन भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण के साथ ही देवगुरु बृहस्पति की पूजा का शुभ योग बन रहा है। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के मुताबिक, अजा एकादशी पर किए गए व्रत-उपवास से भगवान विष्णु की कृपा से भक्तों की मनोकामनाएं जल्दी पूरी हो सकती हैं। जानिए इस एकादशी पर कौन-कौन से शुभ काम किए जा सकते हैं… एकादशी से जुड़ी खास बातें एक साल में कुल 24 एकादशियां आती हैं। जिस वर्ष में अधिकमास रहता है, उस वर्ष में 2 एकादशियां बढ़ जाती हैं। एकादशी व्रत भगवान विष्णु की कृपा पाने के लिए किया जाता है। इस तिथि के स्वामी विष्णु जी ही हैं। महाभारत के समय भगवान श्रीकृष्ण ने युधिष्ठिर को सालभर की सभी एकादशियों के बारे में बताया था। स्कंद पुराण के वैष्णव खंड में एकादशी महात्म्य नाम का अध्याय है, जिसमें सभी एकादशियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है।