मोदी ने कहा- जम्मू-कश्मीर को 3 खानदानों ने बर्बाद किया:ये हैं पीडीपी, कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस; यह चुनाव नौजवानों और इनके बीच

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- जम्मू-कश्मीर को कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी खानदान ने बर्बाद किया। इन तीन खानदानों ने मिलकर आपके साथ जो किया, वो किसी पाप से कम नहीं है। तीनों खानदान जम्मू-कश्मीर को दशकों तक बर्बादी देने के जिम्मेदार हैं। PM मोदी शनिवार (14 सितंबर) को जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए डोडा पहुंचे। उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए आगे कहा- हम और आप मिलकर एक सुरक्षित कश्मीर का निर्माण करेंगे, ये मोदी की गारंटी है। इस बार जम्मू-कश्मीर का चुनाव भाग्य तय करने वाला है। इस रैली से मोदी चिनाब घाटी के तीन जिलों, डोडा, किश्तवाड़ और रामबन की 8 विधानसभा सीटों के भाजपा उम्मीदवारों के लिए वोट अपील करेंगे। 18 सितंबर को चुनाव के पहले फेज में इन 8 सीटों सहित 24 सीटों पर वोटिंग होगी। डोडा में 42 सालों के दौरान किसी प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होने वाली है। इससे पहले 1982 में इंदिरा गांधी डोडा गई थीं। पीएम मोदी 2014 के विधानसभा चुनाव में किश्तवाड़ तक गए थे। यह डोडा से लगभग 58 किलोमीटर दूर है। डोडा में PM मोदी के संबोधन की बड़ी बातें… परिवादवाद पर: मोदी बोले- एक तरफ तीन खानदान, उनके सामने कश्मीर के नौजवान
पीएम मोदी ने परिवारवाद को लेकर कहा- जम्मू-कश्मीर का विधानसभा चुनाव 3 खानदानों और जम्मू-कश्मीर के नौजवानों के बीच में है। एक तरफ तीन खानदान हैं, दूसरी तरफ सपने लेकर निकल पड़े नौजवान हैं। एक खानदान कांग्रेस का है, एक खानदान नेशनल कॉन्फ्रेंस और एक खानदान पीडीपी का है। इन तीन खानदानों ने मिलकर आपके साथ जो किया, वो किसी पाप से कम नहीं है। तीनों खानदान जम्मू-कश्मीर को दशकों तक बर्बादी देने के जिम्मेदार हैं। इन तीन खानदानों ने यहां करप्शन को बढ़ावा दिया। जमीन कब्जा करने वाले गिरोहों को बढ़ावा दिया। छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए आपको तरसाया-तड़पाया गया। सरकारी नौकरियों में सिर्फ उन्हीं को भर्ती किया गया, जो इन तीन खानदानों के खास थे। आतंकवाद पर: मोदी बोले- पुरानी सरकारों में गृहमंत्री तक लालचौक जाने से डरते थे
पीएम ने कहा- जम्मू-कश्मीर में तीन खानदानों ने यहां अलगाववाद और आतंकवाद के लिए जमीन तैयार की। इसका फायदा किसने उठाया, देश के दुश्मनों ने। ये लोग आतंकवाद को इसलिए पालपोस रहे थे ताकि इनकी अरबों-खरबों की दुकान चलती रहे। इनके गुनाहों की वजह से हमारे बच्चों की जान चली गई। ये चंद्रभागा घाटी, ये सालोंसाल चले आतंकवाद के दौर की गवाह रही है। याद करिए वो समय, जब दिन ढलते ही यहां अघोषित कर्फ्यू लग जाता था। सारी दुकानदारी ठप, सारा कामकाज ठप। तब केंद्र सरकार के गृहमंत्री तक लालचौक जाने से डरते थे। पत्थरबाजों पर: मोदी बोले- जो पत्थर फेंके जाते थे, उन्हीं पत्थरों से आज का कश्मीर बना
यहां आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है। पिछले 10 साल में जम्मू-कश्मीर में जो बदलाव आया है, वो किसी सपने से कम नहीं है। जो पत्थर पहले पुलिस और फोर्स पर फेंकने के लिए उठते थे, उन पत्थरों से नया जम्मू-कश्मीर बन रहा है। ये सबकुछ किसने किया है? ये मोदी ने नहीं किया, ये जम्मू-कश्मीर के आप लोगों ने किया है। आपके इसी विश्वास को आगे बढ़ाते हुए जम्मू-कश्मीर भाजपा ने आपके लिए एक से बढ़कर एक संकल्प लिए हैं। कश्मीरी पंडितो पर- मोदी बोले- भाजपा ने कश्मीरी पंडितों के लिए आवाज उठाई
कश्मीरी पंडितों पर पीएम ने कहा- तीन दशक से ज्यादा हो गए, इसी दिन हमारे कश्मीरी पंडित टीका लाल टपलू को आतंकवादियों ने शहीद किया था। उनकी हत्या के बाद कश्मीरी पंडितों के साथ अत्याचार का अंतहीन सिलिसिला चला है। भाजपा ने कश्मीरी पंडितों के लिए आाज उठाई, उनका साथ दिया। कश्मीरी हिंदुओं की वापसी और पुनर्वास के लिए टपलू स्कीम बनाने का काम किया है। PM की रैली से पहले डोडा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे और घाटी में हालिया आतंकी घटनाओं को देखते हुए डोडा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किश्तवाड़, भदरवाह और डोडा से आने वाली गाड़ियों को डोडा पुल के पास रोक जा रहा है। पूरे इलाके की ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है। स्टेडियम के आस-पास के घरों की छतों पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद हो रहे विधानसभा चुनाव
जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। 2019 में आर्टिकल-370 हटाने के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव है। जम्मू और कश्मीर में 90 विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें 7 अनुसूचित जातियों के लिए और 9 अनुसूचित जनजातियों के लिए रिजर्व हैं। 90 सीटों के लिए तीन फेज में वोटिंग होगी। 18 सितंबर पहले फेज, 25 सितंबर को दूसरे फेज और 1 अक्टूबर को तीसरे फेज की वोटिंग होगी। 8 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक यहां 88.06 लाख वोटर हैं। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की थी। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) ने 28 सीटें, जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) ने 15 और कांग्रेस ने 12 सीटें जीती थीं। भाजपा ने 90 में से 62 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की
भाजपा ने जम्मू-कश्मीर की 90 में से 62 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। जम्मू संभाग की सभी 43 सीटों पर भाजपा ने प्रत्याशी उतारे हैं। पार्टी कश्मीर में 47 में से 19 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। ये खबर भी पढ़ें… कश्मीर के किश्तवाड़ में एनकाउंटर, 2 जवान शहीद, 2 घायल जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ के चत्तरू में शुक्रवार को आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ में सेना के 2 जवान शहीद हो गए। इनकी पहचान व्हाइट नाइट कॉर्प्स के नायब सूबेदार विपिन कुमार और सिपाही अरविंद सिंह के रूप में हुई है। 2 और घायल जवानों का इलाज चल रहा है। सुरक्षाबलों ने पिंगनल दुगड्डा के जंगलों में छिपे 3-4 आतंकियों को घेर रखा है। मुठभेड़ अभी भी जारी है। पढ़ें पूरी खबर… JK चुनाव से 6 दिन पहले 3 आतंकी ठिकाने मिले, पेड़ की जड़ में गड्ढा खोदकर रह रहे थे टेररिस्ट चुनाव के 6 दिन पहले कुपवाड़ा, कुलगाम और पुलवामा जिले में गुरुवार,12 सितंबर को आतंकियों के 3 ठिकानों को खोज निकाला। कुपवाड़ा से भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किया। वहीं, कुलगाम, पुलवामा में सिर्फ ठिकाने का पता चला। कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में आतंकियों ने पेड़ की जड़ में गड्ढा खोदकर बनाया था। जड़ में 5 से 6 फीट जगह मिली। पढ़ें पूरी खबर…​​​